गढ़वा:
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान दीपक गुप्ता की इलाज के दौरान मौत हो गई। वे छुट्टी पर अपने घर भवनाथपुर आए हुए थे। इसी दौरान दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली एम्स ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जवान की मौत की खबर से परिजनों में मातम पसरा है, वहीं गांव सहित पूरे इलाके में शोक की लहर है।

छुट्टी पर घर आए थे जवान, दो बाइकों में हुई थी टक्कर
जानकारी के अनुसार, भवनाथपुर थाना क्षेत्र के कर्पूरी चौक निवासी CRPF जवान दीपक गुप्ता छुट्टी लेकर अपने घर आए हुए थे। सोमवार को वे किसी काम से बाहर निकले थे। इसी दौरान भवनाथपुर-श्रीबंशीधर नगर मुख्य मार्ग पर छहमाइलवा विद्युत सब स्टेशन के समीप उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दीपक गुप्ता और दूसरी बाइक पर सवार बुका गांव निवासी विकास राउत गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर हालत में दिल्ली एम्स किए गए थे एयरलिफ्ट
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। दीपक गुप्ता की हालत नाजुक होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली एम्स ले जाया गया था। वहां उनका इलाज चल रहा था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जवान की मौत से परिवार में मचा कोहराम
दीपक गुप्ता की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जवान की असमय मौत से गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। देश की सेवा में तैनात जवान के निधन से स्थानीय लोगों में भी गहरा दुख है।
विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने जताया शोक
CRPF जवान दीपक गुप्ता के निधन पर भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने जवान के निधन पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। गौरतलब है कि सोमवार को छहमाइलवा विद्युत सब स्टेशन के समीप दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई थी। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।