रांची
झारखंड कैडर के चार आईपीएस अधिकारियों को केंद्र सरकार में आईजी रैंक के पैनल में शामिल किया गया है। इनमें 2004 बैच के दो अधिकारी—आईजी अभियान के पद पर पदस्थापित चर्चित आईपीएस होमकर अमोल वेणुकांत और आईजी स्पेशल ब्रांच के पद पर पदस्थापित प्रभात कुमार शामिल हैं। इसके अलावा, 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी कुलदीप द्विवेदी, जो वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं, और 2007 बैच के अनूप बिरथरे, जो वर्तमान में झारखंड जगुआर (स्पेशल फोर्स) के आईजी पद पर पदस्थापित हैं, को भी इस पैनल में स्थान मिला है।
केंद्र सरकार की कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने देशभर के 65 आईपीएस अधिकारियों को आईजी या समकक्ष रैंक के लिए इंपैनल करने का निर्णय लिया था। इस सूची में गुजरात, झारखंड, बिहार, हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों के अधिकारी शामिल हैं। झारखंड के इन चारों अधिकारियों को लेकर पहले से ही उम्मीद की जा रही थी कि उन्हें जल्द पदोन्नति मिलेगी। राज्य में बतौर एसपी और डीआईजी रहते हुए इन सभी अधिकारियों का कार्यकाल उल्लेखनीय रहा है। झारखंड की उन्नति में इनके योगदान को नकारा नहीं जा सकता।