logo

भूषण बाड़ा प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो, नतीजे से पहले टिप्पणी से बचे भाजपा- आलमगीर आलम

भूषण बाड़ा प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो, नतीजे से पहले टिप्पणी से बचे भाजपा- आलमगीर आलम

पाकुड़: 

सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोप लगने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। एक ओर जहां विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुखर है, वहीं झारखंड के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम ने इस पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच की वकालत करते हुए विधायक का बचाव किया है।

आरोप सिद्ध होने से पहले टिप्पणी गलत
मीडिया से बातचीत में आलमगीर आलम ने कहा कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहता है, लेकिन जब तक किसी पर आरोप सिद्ध नहीं हो जाते, तब तक कोई अंतिम टिप्पणी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से विधायक भूषण बाड़ा को अच्छी तरह जानते हैं। पूर्व मंत्री का मानना है कि पहले इस पूरे मामले की जांच प्रक्रिया पूरी होनी चाहिए और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाना चाहिए।

विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है
इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपना रही भाजपा पर पलटवार करते हुए आलमगीर आलम ने कहा कि विपक्ष के पास राज्य में कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। इसलिए वह इस तरह के मामलों को तूल देकर जनता को गुमराह करने और उलझाने का प्रयास कर रही है। बिना किसी का नाम लिए भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले यह तय करना चाहिए कि क्या सही है और क्या गलत। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उनके पक्ष से जुड़े जिन लोगों पर आरोप सिद्ध तक हो चुके हैं, उन्हें राज्यपाल जैसे संवैधानिक और महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया है। किसी का नाम सामने आते ही उसे राजनीतिक रूप से उछाल देना उचित नहीं है।

विधायक भूषण बाड़ा प्रकरण क्या है!
उल्लेखनीय है कि एक 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उसे पढ़ाई का झांसा देकर रांची लाया गया और विधायक के सरकारी आवास पर घरेलू काम में लगा दिया गया।किशोरी का आरोप है कि पांच अगस्त को विधायक ने आवास पर उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Tags - Bhushan Bara POCSO CaseAlamgir AlamBJP JharkhandJharkhand News