logo

ड्रोन से निगरानी के बाद वन विभाग की कार्रवाई, अफीम की अवैध खेती के लिए तैयार खेतों को किया नष्ट

ड्रोन से निगरानी के बाद वन विभाग की कार्रवाई, अफीम की अवैध खेती के लिए तैयार खेतों को किया नष्ट

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

Jharkhand News: चतरा जिले में वन भूमि (Forest Land) पर अवैध रूप से पोस्ता (अफीम) की खेती (Illegal cultivation of poppy) पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग (Forest Department) द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को चतरा दक्षिणी के वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बेलाल अनवर के नेतृत्व में चतरा वन प्रक्षेत्र अंतर्गत लुटु सुरक्षित वन के बाहय टोला क्षेत्र में कार्रवाई (Action) की गई। इस दौरान लगभग एक एकड़ वन भूमि पर अफीम (पोस्ता) की खेती के लिए तैयार किए गए खेतों को वनकर्मियों एवं पशुरक्षकों की सहायता से नष्ट किया गया। इस कार्रवाई के दौरान लुटु सुरक्षित वन के अफीम प्रभावित क्षेत्र की ड्रोन के माध्यम से सघन निगरानी (Intensive surveillance via drones) भी की गई। इसके जरिए वन क्षेत्र में अवैध रूप से खेत तैयार करने एवं अफीम की खेती से जुड़ी गतिविधियों की पहचान करने का प्रयास किया गया। वन विभाग द्वारा संवेदनशील वन क्षेत्रों में ड्रोन एवं अन्य तकनीकी माध्यमों से निगरानी कर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

अवैध खेती के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी

इस संबंध में वन प्रमंडल पदाधिकारी (Divisional Forest Officer) अहमद बेलाल अनवर ने कहा कि वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता (अफीम) की खेती करना कानूनन अपराध है। वन क्षेत्रों को ऐसी अवैध गतिविधियों से मुक्त रखने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों (Sensitive areas) की पहचान एवं प्रभावी निगरानी के लिए ड्रोन और जीआईएस (GIS) तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, ताकि अवैध गतिविधियों का समय रहते पता लगाकर त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि वन भूमि पर अतिक्रमण एवं अवैध खेती के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। साथ ही आमजनों से अपील की कि वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना वन विभाग को दें तथा वन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय सहयोग करें। इस कार्रवाई में प्रभारी वनपाल कमल किशोर, रोहित प्रसाद यादव, प्रधान वनरक्षी राकेश कुमार, सुरेश कुमार दास, मोहम्मद खुर्शीद आलम, GIS विशेषज्ञ सहित कई पशुरक्षक शामिल रहे।

Tags - Chatra NewsForest Department ActionIllegal Opium CultivationForest Land EncroachmentOpium FarmingAnti Opium DriveJharkhand NewsChatra Police