द फॉलोअप डेस्क:
लोहरदगा में एक सड़क हादसे में फुटबॉल खिलाड़ी मोनिका बाड़ा की मौत हो गई। मोनिका बाड़ा बुधवार शाम को प्रैक्टिस कर घर लौट रही थी जब एक अज्ञात कार ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में मोनिका गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां प्रथिमिक उपचार के बाद उसे रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मोनिका बाड़ा के निधन पर लोहरदगा जिला के खेल आयोजक, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने दुख जताया है। विभिन्न खेल संगठनों ने भी शोक जताते हुए दिवगंत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
बता दें कि मोनिका बाड़ा ने कम उम्र में खेल के क्षेत्र में अपना नाम बनाया था। वह डोंगा टोली निवासी जगदेव उरांव की बेटी थी और जीजीपीएस स्कूल के कक्षा 11वीं की छात्रा थी। मोनिका ने अंडर 17 झारखंड स्टेट फुटबॉल प्रतियोगिता समेत सीबीएसई ईस्ट जोन में आयोजित हैंडबॉल प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया था। वह प्रतिभा केंद्र द्वारा संचालित फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र में नियमित अभ्यास कर अपने खेल को निखार रही थी।
