logo

सुदेश महतो का सरकार पर हमला, बोले- लूट बना आचरण और वसूली बनी व्यवस्था

सुदेश महतो का सरकार पर हमला, बोले- लूट बना आचरण और वसूली बनी व्यवस्था

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

Political News: आजसू पार्टी (AJSU Party) के प्रखंड स्तरीय सम्मेलन अभियान के तहत रांची के  "सोनाहातु पश्चिमी प्रखंड स्तरीय सम्मेलन" का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो (Sudesh Mahto) मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं के समर्पण में होती है और राजनीति की सार्थकता जनता के विश्वास में। संगठन की मजबूती तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए संघर्ष करें। उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित रहना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उनकी आवाज बनना है। इसके लिए संगठन को गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की आवश्यकता है। कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा, नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

झारखंड की संपदा लुट रही

साथ ही उन्होंने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड सरकार (Jharkhand Government) ने लूट को आचरण और वसूली को व्यवस्था बना दिया है। झारखंड की संपदा लुट रही है, जनता त्रस्त है और सत्ता में बैठे लोग मस्त हैं। जनसेवा और जनहित की राजनीति को वसूली की राजनीति में तब्दील कर दिया गया है। इसलिए अब वक्त आ गया है कि संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। क्षेत्र की जनसमस्याओं, युवाओं के रोजगार, शिक्षा, किसानों, महिलाओं और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के सुख-दुख में सहभागी बनें और संगठन को जनआकांक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ाएं। इस प्रखंड स्तरीय सम्मेलन में संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा संगठनात्मक विस्तार (Organizational expansion) को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। साथ ही आगामी राजनीतिक एवं सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

संगठन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नए कमिटी का गठन

इस अवसर पर संगठन को व्यवस्थित करने एवं गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सोनाहातू प्रखंड में नए कमिटी का गठन भी किया गया। नवनियुक्त प्रखंड कमिटी (Newly Appointed Block Committee) में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी विरेंद्र मुंडा, कार्यकारी अध्यक्ष अधीन महतो, रूप कुमार साहू, उपाध्यक्ष भजन सिंह मुंडा, कालीपद यादव, आमिन प्रामाणिक, प्रधान सचिव विरेंद्र लोहरा, सह सचिव उमेश कोइरी, जय प्रकाश स्वांशी, भगीरथ महतो, शक्ति महतो, संगठन सचिव कृष्ण महतो, विपिन पॉल, प्रवक्ता दुबराज प्रजापति, मनोज महतो, कोषाध्यक्ष मिहिर महतो, सोशल मीडिया प्रभारी दलेल महतो, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष शिवनाथ मछुआ, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अध्यक्ष जिवाधन  मुंडा, अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अध्यक्ष बुद्धेश्वर कोइरी को नियुक्त किया गया। सम्मेलन में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सोनाहातू क्षेत्र में पार्टी संगठन को पंचायत, गांव और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रखंड स्तर के नेता, जनप्रतिनिधि, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आजसू पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags - AJSU PartySudesh MahtoJharkhand PoliticsJharkhand GovernmentPolitical NewsJharkhand NewsBlock Committee Formation