गोड्डा:
Godda News: गोड्डा जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ गोड्डा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 8 अक्टूबर को एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस ने छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से कुल 50.5 ग्राम ब्राउन शुगर, 58,250 रुपये नकद, एक एक्सयूवी कार, एक मोटरसाइकिल, छह मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन बरामद की गई है।

हनुमान मंदिर के पास हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के ब्लॉक फील्ड स्थित हनुमान मंदिर के पास यह कार्रवाई की गई। मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से संबंधित सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
.jpeg)
किस आरोपी के पास से क्या मिला?
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में पथरगामा थाना क्षेत्र के कन्हाई पकड़िया निवासी अमित कुमार उर्फ अमित रेक्स (22) शामिल है। उसके पास से 26.7 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन, जेएच-17-एबी-3823 नंबर की एक्सयूवी कार, 44,350 रुपये नकद और एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन बरामद की गई।
गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के गांधी नगर गोढ़ी निवासी अभिषेक कुमार उर्फ सोमदेव कुमार उर्फ डमरू (21) के पास से 10 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन, 13,900 रुपये नकद और जेएच-17-एडी-7527 नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसी थाना क्षेत्र के असनबनी निवासी छोटू कुमार उर्फ सरफराज अहमद (29) के पास से पांच ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं, लोहियानगर निवासी रघु कुमार उर्फ राहुल कुमार (33) के पास से पांच ग्राम ब्राउन शुगर और दो मोबाइल फोन मिले। मोतिया ओपी क्षेत्र के सोनडीहा निवासी पंकज कुमार यादव (34) के पास से 3.8 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
.jpeg)
एक आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज है एनडीपीएस का मामला
पुलिस के मुताबिक, अमित कुमार उर्फ अमित रेक्स के खिलाफ गोड्डा नगर थाना में पहले भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। इस संबंध में कांड संख्या 68/25 दर्ज की गई थी, जिसकी तारीख 27 अप्रैल 2025 बताई गई है। मामले में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 22, 25, 27(ए) और 29 लगाई गई थीं। पुलिस ने अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी उल्लेख किया है। हालांकि, उनके पूर्व मामलों का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध नहीं कराया गया है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने की कार्रवाई
छापेमारी अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ आकाश भारद्वाज ने किया। टीम में गोड्डा नगर थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह, मोतिया ओपी प्रभारी मुकेश कुमार राउत, रौतारा टीओपी प्रभारी राज गुप्ता, महिला पुलिस अवर निरीक्षक रोमा कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक अंकित कुमार झा और रोहित कुमार यादव तथा सहायक अवर निरीक्षक इंद्रेश शुक्ला शामिल थे। अभियान में नगर थाना का सशस्त्र बल भी शामिल रहा।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी
गोड्डा पुलिस के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सूचना संग्रह, सत्यापन, निगरानी और छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर समर्पित एंटी-नारकोटिक्स टीम भी सक्रिय है। पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री से संबंधित कोई जानकारी मिलती है, तो वे निकटतम थाना या गोड्डा पुलिस को गोपनीय रूप से सूचना दें। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।