द फॉलोअप डेस्क
राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल और खाली पड़े बोर्ड निगमों के गठन की मांग रख कर झारखंड कांग्रेस के पांच विधायक शुक्रवार को रांची लौट गए। ये पिछले पांच दिनों से दिल्ली में डेरा डाले थे। विधायकों ने दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी के राजू से मुलाकात की। एक साथ रांची लौटनेवाले विधायकों में राजेश कच्छप, सुरेश बैठा, नमन विक्सल कोंगारी, भूषण बाड़ा और सोनाराम सिंकू शामिल हैं। इन विधायकों ने रांची एयरपोर्ट पर मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए स्पष्ट किया कि वे संगठन, सरकार और मंत्रिमंडल को लेकर अपनी बात पार्टी के शीर्ष नेताओं को बताने गए थे।
.jpeg)
झारखंड विधानसभा कांग्रेस विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार में कांग्रेस पार्टी अहम सहयोगी है। इसलिए यह जरूरी है कि सरकार और संगठन में जिन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है वे कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चले। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार बने एक वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है। लेकिन बोर्ड, निगम और विभिन्न आयोगों के रिक्त पद भरे नहीं जा रहे हैं। सुरेश बैठा ने कहा कि कांग्रेस के कई और विधायक हैं जो मंत्री बन सकते हैं। सिर्फ ये चार लोग ही मंत्री बनने के योग्य नहीं हैं।
