logo

पूरा हुआ ख्वाब : देवघर एयरपोर्ट पर लैंड करता पहला विमान और नजारे को आंखों में कैद करने को खड़े लोग

a142.jpg

डेस्क: 

देवघर के नए-नवेले एयरपोर्ट पर लैंड करता ये विमान पूरे संताल परगना के लिए किसी सपने के सच हो जाने से कम नहीं है। मंगलवार को जब नीले और सफेद रंग का ये विमान देवघर एयरपोर्ट के रनवे पर उतरा तो इस नजारे को अपनी आंखों में हमेशा के लिए कैद करने को हजारों की भीड़ आसपास खड़ी थी। देवघर एयरपोर्ट पर जैसे ही इंडिगो एयरलाइन्ंस के 180 सीटर विमान ने गर्जना करते हुए लैंड किया, लोगों ने उस नजारे को सच होते देखा जो अब तक महज ख्वाब था। 

देवघर के लाल ने कराई फ्लाइट की लैंडिंग
देवघर एयरपोर्ट पर विमान सेवा की शुरुआत पूरे संताल परगना के लिए सुखद खबर तो है ही, उससे भी ज्यादा गर्व करने वाली बात ये है कि इस विमान को लैंड कराने वाले देवघर के ही लाल हैं। आप जानकर हैरान रह जाएंगे कि मंगलवार को इंडिगो की जिस फ्लाइट ने पहली बार देवघर एयरपोर्ट के रनवे को छुआ, उसे देवघर के रहने वाले पायलट गौरव निशांत उड़ा रहे थे।

दरअसल, कोलकाता से उड़कर इंडिगो की जिस फ्लाइट ने देवघर एयरपोर्ट पर लैंड किया, उसे गौरव निशांत ही उड़ा रहे थे। सोचिए। नजारे की कल्पना कीजिए। देवघर एयरपोर्ट। पहली फ्लाइट और उसे उड़ाने वाला देवघर का लाल। शायद यही वजह रही है कि एयरपोर्ट की चहारदीवारी के चारों तरफ लोगों की भीड़ वैसे ही उमड़ी थी जैसे किसी नेता के हेलिकॉप्टर को देखने के लिए इकट्ठी होती है।

वैसे भी, आसमान में परवाज करता इंसान हो या विमान। लोगों को आकर्षित करता ही है। सबलोग उड़ना चाहते हैं। जब उड़ान का सपना हकीकत बन जाता है तो नजारा ऐसा ही होता है। 

उड़ान का ख्वाब अब हकीकत बनने वाला है
ना केवल देवघर बल्कि पूरे संताल परगना के लोगों का आसमान की ऊंचाईयों में उड़ान भरने का ख्वाब बहुत जल्द पूरा होने वाला है। कितने दिन, महीने और साल लगे। रूकावटें आईं। विवाद हुए। कभी लगा कि देवघर एयरपोर्ट कहीं ख्वाब ही ना रह जाये लेकिन वो कहते हैं ना कि किसी चीज को शिद्धत से चाहो तो पूरी कायनात उसे तुमसे मिलाने की साजिश में लग जाती है।

देवघर में कुछ ऐसा भी हुआ है। वैसे भी संताल परगना में उड़ान का सपना पूरा होने का टाइमिंग भी कितना लाजवाब है। जल्दी ही श्रावणी मेला आने वाला है। जब पूरी बाबा नगरी भगवा रंग में नजर आएगी। देवघर में बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद बरस रहा होगा, तभी वहां के आसमान में एक के बाद एक कई विमान परवाज करते नजर आएंगे। दृश्य के कल्पना मात्र से जब गुदगुदी सी होती हो तो सोचिए, वास्तविक नजारा देखकर क्या महसूस होगा। 

देवघर एयरपोर्ट में ट्रायल कामयाब रहा
देवघर एयरपोर्ट के डायरेक्टर संदीप धींगरा ने जानकारी दी है कि ट्रायल सफल रहा। देवघर एयरपोर्ट में मैनेजर और कर्मियों की नियुक्ति भी कर ली गई है। अब नागरिक उड्डयन मंत्रालय से अप्रूवल का इंतजार है। अप्रूवल मिलते ही देवघर एयरपोर्ट के उद्घाटन की तिथि घोषित कर दी जाएगी। उद्घाटन की तिथि की घोषणा से 10 दिन पहले एयरलाइंस कंपनियां हवाई सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर देगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने उद्घाटन की तैयारी भी शुरू कर दी है। 

अब कुछ मिनटों में पूरा होगा देवघर का सफर
अब तक बाहर से आने वालों को पहले रांची आना होता था और यहां से बस या ट्रेन के जरिये देवघर पड़ता था। चूंकि, बाबा वैद्यनाथ धाम पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। ना केवल देश के अलग-अलग हिस्सों बल्कि विदेशों से भी श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ का दर्शन करने देवघर आते हैं। अब रांची से ट्रेन या बस के जरिए देवघर तक की जो दूरी 12 से 14 घंटे में पूरी होती थी। ऐसा समझ लीजिए कि जितना समय किचन से चाय बनाकर ड्राइंग रूम तक लाने में लगता है, उतना ही समय देवघर पहुंचने में लगेगा। 

झारखंड गठन के 20 साल में आपने देवघर तक की दूरी उबड़-खाबड़ सड़क पर हिचकोले खाते हुए पूरी की होगी लेकिन अब पलक झपकते ही देवघर पहुंच जाएंगे। हो सकता है कि सीट बेल्ट बांधने औऱ खोलने तक का समय ही देवघर पहुंचने का भी समय हो। जो भी हो।

आखिरकार झारखंड में उड़ान का एक और सपना पूरा हुआ। इस बीच, राजनेता आपस में चाहें कितनी भी सिर-फुट्टवल करें कि एयरपोर्ट हम लाए लेकिन जनता इससे खुश है कि एयरपोर्ट बन गया।