logo

चतरा में एवीएस कोल कंपनी के कार्यालय पर फायरिंग, राहुल दुबे गैंग के नाम से धमकी पत्र वायरल

चतरा में एवीएस कोल कंपनी के कार्यालय पर फायरिंग, राहुल दुबे गैंग के नाम से धमकी पत्र वायरल

चतरा: 
Chatra News:
झारखंड के चतरा जिले में अपराधियों ने एक बार फिर कोयला कारोबार से जुड़ी कंपनी को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश की है। टंडवा थाना क्षेत्र के होन्हे गांव में बीती रात बाइक सवार तीन अपराधियों ने एवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के कार्यालय पर फायरिंग की। घटना रात करीब 12:10 बजे की है। फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग ने इसकी जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, पुलिस वायरल पत्र की प्रामाणिकता की जांच कर रही है।

बाइक सवार तीन अपराधियों ने कार्यालय पर की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, होन्हे गांव में आम्रपाली कोल परियोजना के पीओ कार्यालय और सीआईएसएफ कैंप के पास एवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी का कार्यालय स्थित है। घटना के समय कार्यालय परिसर में सुरक्षाकर्मी भी तैनात थे। कंपनी के मुंशी राजेश प्रसाद के अनुसार, बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन अपराधियों ने अचानक कार्यालय को निशाना बनाकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। कंपनी की ओर से 10 से 12 राउंड फायरिंग किए जाने की बात कही गई है। घटना की सूचना मिलते ही टंडवा थाना पुलिस और सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की।

सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी
फायरिंग की घटना के बाद राहुल दुबे गैंग के नाम से सोशल मीडिया पर एक प्रेस विज्ञप्ति वायरल हुई है। इसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। वायरल पत्र में अमन साहू, मयंक सिंह, प्रकाश शुक्ला और राहुल दुबे गैंग का नाम शामिल है। साथ ही अर्श कुमार और आदित्य को सीधे तौर पर धमकी दी गई है। पत्र में कहा गया है कि जल्द फोन पर संपर्क कर मामले को मैनेज नहीं किया गया तो अगली बार कंपनी के किसी कर्मचारी, मुंशी या ड्राइवर को निशाना बनाया जाएगा। इसके अलावा राज्यभर के कथित अवैध कोयला और बालू कारोबारियों के साथ जमीन कारोबारियों को भी रंगदारी देने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल इस पत्र की सत्यता की पुलिस जांच कर रही है।

एसपी ने दो से तीन राउंड फायरिंग की पुष्टि की
चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने शुरुआती जांच के आधार पर घटनास्थल पर दो से तीन राउंड फायरिंग होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मौके से गोली के खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी खुद आधी रात से जांच और कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। टंडवा थाना पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

आम्रपाली से शिवपुर साइडिंग तक कोयला ढुलाई करती है कंपनी
एवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी को एनसीसी लिमिटेड की ओर से आम्रपाली कोल परियोजना से शिवपुर साइडिंग तक कोयला ढुलाई का ठेका मिला है। इसी कार्य के लिए होन्हे गांव में पीओ कार्यालय के पास कंपनी का कार्यालय बनाया गया है। परिसर में कर्मचारियों के रहने की व्यवस्था भी है। फायरिंग की घटना के बाद कंपनी के कर्मचारियों में भय का माहौल है। पुलिस इस घटना के पीछे रंगदारी की मांग या ठेका कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Tags - Chatra News Tandwa Firing Rahul Dubey Gang Jharkhand Crime Coal Company Firing