logo

गढ़वा DC पर फेसबुक में भ्रामक पोस्ट करने के आरोप में 2 लोगों पर FIR, जानें पूरा मामला

गढ़वा DC पर फेसबुक में भ्रामक पोस्ट करने के आरोप में 2 लोगों पर FIR, जानें पूरा मामला

गढ़वा: 
Garhwa News:
झारखंड के गढ़वा में उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा को लेकर फेसबुक पर कथित भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने और शौचालय जियोटैग के नाम पर पैसे की उगाही करने के मामले में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिला प्रशासन के निर्देश पर विशुनपुरा और मझिआंव थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत कार्रवाई की गई है।


 
फेसबुक पर DC को लेकर वायरल हुई कथित भ्रामक पोस्ट
दरअसल, 18 नवंबर को फेसबुक पर ‘गढ़वा DC शौचालय में पैसा लेता है’ शीर्षक से एक पोस्ट प्रसारित की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने तत्काल संज्ञान लिया और कार्यपालक अभियंता-सह-सदस्य सचिव, जिला जल एवं स्वच्छता समिति, गढ़वा से पूरे मामले की जानकारी मांगी। कार्यपालक अभियंता ने उपायुक्त को बताया कि विभाग के अंतर्गत प्रखंड स्तर पर कोई भी संविदा या आउटसोर्स कर्मी कार्यरत नहीं है। इसके बाद कथित भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने और शौचालय जियोटैग के नाम पर पैसे की उगाही करने के आरोपों को लेकर दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया।

विशुनपुरा और मझिआंव थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
प्रशासन के निर्देश पर पंकज कुमार यादव, ग्राम जतपुरा, पंचायत सरांग, प्रखंड विशुनपुरा के खिलाफ 19 नवंबर को विशुनपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। वहीं, शौचालय जियोटैग के नाम पर पैसे की उगाही के आरोपित अविनेश कुमार, ग्राम करमडीह, पंचायत करमडीह, प्रखंड मझिआंव के खिलाफ 20 नवंबर को मझिआंव थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।  जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक और निराधार सूचना को प्रसारित करने से बचें। किसी भी खबर या जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।

Tags - Garhwa NewsJharkhand NewsGarhwa DCSocial Media NewsGarhwa PoliceSEO Slug