logo

गांडेय उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी दिलीप कुमार वर्मा के बारे में सबकुछ जो आप जानना चाहते हैं

a4810.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

जनवरी में झारखंड बीजेपी जिस विधानसभा सीट पर उपचुनाव का विरोध कर रही थी, अब वहीं सबसे पहले अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने एनडीए उम्मीदवार के तौर पर दिलीप कुमार वर्मा के नाम का ऐलान किया है। दरअसल, 31 दिसंबर 2023 को जब झामुमो के डॉ. सरफराज अहमद ने इस्तीफा दिया था तो बीजेपी ने यहां उपचुनाव का विरोध किया था। बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मिलकर बकायदा ज्ञापन सौंपा और कहा कि चूंकि, झारखंड में मौजूदा विधानसभा के कार्यकाल में 1 साल से कम समय बचा है इसलिए, यहां उपचुनाव नहीं हो सकता। पिछले दिनों केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने गांडेय में उपचुनाव का ऐलान किया और बीजेपी ने ही पहले यहां उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। अब, कई लोगों के मन में यह सवाल है कि दिलीप कुमार वर्मा कौन हैं। बीजेपी में उनकी भूमिकायें क्या रही हैं। क्या उन्होंने पहले भी चुनाव लड़ा है। 

गिरिडीह सदर के पांडेयडीह से मुखिया निर्वाचित हुए
दिलीप कुमार वर्मा झारखंड की सियासत में लंबे समय से सक्रिय हैं। 2015 में दिलीप, गिरिडीह सदर के पांडेयडीह पंचायत से मुखिया निर्वाचित हुए थे। 1 फरवरी 1973 को गिरिडीह के सिरसिया प्रखंड के पांडेयडीह में जन्में दिलीप वर्मा ने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की है। 2019 में उन्होंने गांडेय विधानसभा सीट से ही झारखंड विकास मोर्चा के टिकट पर चुनाव लड़ा और बुरी तरह से हारे। उनको महज 8,885 वोट मिले थे। उनकी जमानत जब्त हो गई थी। बाबूलाल मरांडी के करीबी माने जाने वाले दिलीप कुमार वर्मा गिरिडीह में बीजेपी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष के रूप में काम कर चुके हैं। वे बीजेपी प्रदेश कमिटी में मंत्री भी हैं। 

गिरिडीह की गांडेय सीट का समीकरण किसके पक्ष में
गांडेय विधानसभा सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 2,60,144 है जिनमें से पुरुष वोटर्स की संख्या 1,37,949 है। महिला मतदाताओं की संख्या 1,22,195 है। 2019 के विधानसभा चुनाव में यहां 76 फीसदी मतदान हुआ था। झारखंड मुक्ति मोर्चा के डॉ. सरफराज अहमद 65,023 वोट और 35.4 फीसदी मत प्रतिशत के साथ जीते थे। बीजेपी के जेपी वर्मा को 56,168 वोट मिले थे। उनको कुल 30.6 फीसदी वोट मिला था। आजसू के अर्जुन बैठा को 15,361 वोट और 8.4 फीसदी वोट मिला था। इस बार, बीजेपी-आजसू एनडीए गठबंधन के तहत साथ हैं तो देखना होगा कि क्या ये आंकड़े दिलीप कुमार वर्मा के पक्ष में जाएंगे। हालांकि, लेफ्ट के राजेश कुमार को भी 4 फीसदी वोट मिले थे वहीं 2 निर्दलीय उम्मीदवारों ने दिलीप कुमार वर्मा से ज्यादा वोट हासिल किया था। सुनील कुमार यादव को 9,900 वोट और 5.4 फीसदी मत प्रतिशत हासिल हुआ था। कर्मिला टुडू को 9,056 वोट और 4.9 फीसदी वोट प्रतिशत मिला था। 

गांडेय सीट पर झामुमो किसे बनाएगा उम्मीदवार
गांडेय उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन को उम्मीदवार बन सकती है। इसकी प्रबल संभावना है। गिरिडीह में सियासी लॉन्चिंग के बाद से कल्पना, गांडेय में काफी सक्रिय हैं। पदयात्रा कर जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। गांडेय को झारखंड़ मुक्ति मोर्चा का परंपरागत सीट कहा जाता है। ये भी इंडिया गठबंधन के पक्ष में जाता है। देखना दिलचस्प होगा कि क्या दिलीप कुमार वर्मा, कल्पना मुर्मू सोरेन को गांडेय में टक्कर दे पाएंगे या नहीं। 

Tags - Deelip Kumar VarmaGandey ByelectionJharkhand NewsJharkhand BJP