जामताड़ा:
Jharkhand News: द फॉलोअप (The Follow Up Impact) की खबर का बड़ा असर दिखा है। भोजन के संकट का सामना कर रहे बुजुर्ग दंपति को 60 किलो राशन मिला है। नाला प्रखंड (Nala Block) अंतर्गत खैरा पंचायत के रहने वाले बुजुर्ग दंपति तरणी भंडारी और उनकी पत्नी को बीते 6 महीने से राशन नहीं मिला था, जिसकी वजह से उनके सामने भोजन का संकट था। द फॉलोअप ने 15 नवंबर को "जामताड़ा में 6 महीने से राशन को तरस रहा बुजुर्ग दंपति, बीमार और भुखमरी से है बेहाल" शीर्षक से इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। खबर प्रकाशित होते ही जामताड़ा जिले के उपायुक्त ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।

दंपति ने द फॉलोअप का जताया आभार
सोमवार की सुबह ही प्रशासन की पहल पर बुजुर्ग दंपति को पिछले 6 महीने का बकाया मिलाकर कुल 60 किलो राशन उपलब्ध करा दिया गया। राशन मिलने के बाद दंपति के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने द फॉलोअप और जामताड़ा डीसी का आभार जताया।

स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता की भूमिका
इस पूरी प्रक्रिया में स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता जितेन भंडारी ने भी बुजुर्ग दंपति को उनका हक दिलाने में सराहनीय सहयोग दिया। उन्होंने त्वरित कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन और मीडिया का विशेष धन्यवाद किया। द फॉलोअप की इस सार्थक पहल से एक बार फिर साबित हो गया है कि जनता की आवाज उठाने से जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव संभव है।