logo

डूरंड कप का लुत्फ उठाइए बिलकुल फ्री, रांची में 22 जुलाई से मिलेगा टिकट

WhatsApp_Image_2026-07-21_at_1_46_20_PM.jpeg

रांची
डूरंड कप का लुत्फ अब आप बिल्कुल मुफ्त में उठा सकते हैं। रांची में 26 जुलाई से शुरू होने वाले 135वें डूरंड कप-2026 के मुकाबले देखने के लिए दर्शकों को निःशुल्क 'जीरो टिकट' उपलब्ध कराए जाएंगे। इन टिकटों के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने समीक्षा बैठक की और सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। 
22 जुलाई से शुरू होगा जीरो टिकट का वितरण
बैठक में बताया गया कि 22 जुलाई से मोरहाबादी स्टेडियम परिसर में बनाए गए 12 टिकट काउंटरों के माध्यम से 'जीरो टिकट' का वितरण किया जाएगा। टिकट प्राप्त करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। टिकटों का वितरण प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 'जीरो टिकट' का मूल्य शून्य होता है। यह टिकट दर्शकों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए और दर्शकों के प्रवेश को व्यवस्थित एवं नियंत्रित रखने के उद्देश्य से इसका वितरण किया जाता है। 
26 जुलाई को होगा उद्घाटन मुकाबला
इधर, खेल निदेशक छवि रंजन ने प्रेस वार्ता में बताया कि रांची चरण के उद्घाटन मुकाबले का शुभारंभमुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। प्रेस वार्ता में भारतीय सेना के प्रतिनिधिमनोज कुमार झा भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने सभी टिकट काउंटरों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा जांच और कंट्रोल रूम की व्यवस्था को भी मजबूत करने पर जोर दिया गया। उन्होंने खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों की सुरक्षित आवाजाही, एंबुलेंस, मेडिकल टीम, चिकित्सकों, आवश्यक दवाओं, फायर ब्रिगेड, पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छता और शौचालय जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में26 जुलाई को आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

Tags - Durand Cup 2026 Ranchi Free Tickets Football Jharkhand Sports