द फॉलोअप डेस्क
134वें डूरंड कप 2025 के उपलक्ष्य में जमशेदपुर स्थित XLRI सभागार में एक भव्य समारोह का आयोजन कर ट्रॉफी का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में तथा मंत्री रामदास सोरेन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम का आयोजन भारतीय सशस्त्र सेनाओं द्वारा किया गया, जिसे झारखंड सरकार का सहयोग प्राप्त हुआ। समारोह में जिलाधिकारी कर्ण सत्यार्थी, एसएसपी पीयूष पांडेय, खेल विभाग झारखंड के निदेशक शेखर जमुआर, भारतीय सेना के अधिकारी मोहित मल्होत्रा और परमजीत सिंह डागर, टाटा स्टील के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि "प्रतिष्ठित एवं ऐतिहासिक डूरंड कप का आयोजन राज्य के लिए गौरव का क्षण है। ऐसे आयोजनों से राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।" उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें खेल के माध्यम से युवाओं को जोड़कर उनकी प्रतिभा को निखारने तथा आधारभूत संरचना को मजबूत करने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने इस आयोजन के लिए भारतीय सेना और स्थानीय प्रशासन को बधाई दी और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार की नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। डूरंड कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान देश की एकता को समर्पित विभिन्न भू-भागों के लोक नृत्य और गीत की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। झारखंड की समृद्ध संस्कृति को छऊ और संथाली नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, वहीं भारतीय सेना के जवानों ने पंजाब का लोकप्रिय भांगड़ा नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों को फुटबॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
134 वर्षों की गौरवशाली परंपरा वाले डूरंड कप की मेजबानी के लिए दूसरी बार जमशेदपुर को चुना गया है, जो पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। JRD टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 24 जुलाई से 11 अगस्त 2025 तक मुकाबले आयोजित होंगे। इसमें जमशेदपुर FC, इंडियन आर्मी FT, त्रिभुवन आर्मी FC (नेपाल) और 1 लद्दाख FC की टीमें भाग लेंगी। 7 और 8 जुलाई को ट्रॉफी टूर के तहत जमशेदपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में डूरंड कप ट्रॉफी को ले जाया जा रहा है, जिसे लेकर खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
