द फॉलोअप डेस्क
डुमरिया (पूर्वी सिंहभूम) अंचल के सीओ रामनरेश सोनी का आकस्मिक निधन हो गया। सोमवार की सुबह हार्ट अटैक के कारण मौत हुई है। बताया जा रहा है कि मुसाबनी स्थित सरकारी आवास पर सुबह करीब 8.30 बजे तबियत खराब होने पर उन्हें टीएमएच लाया गया था। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पार्थिव शरीर को एमजीएम मेडिकल कॉलेज में पास्टमार्टम कराया गया। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिला के मूल निवासी 42 वर्षीय रामनरेश सोनी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पांच भाईयों में सबसे छोटे सोनी की पत्नी एवं उनके दो बच्चे (एक बेटी, एक बेटा) मुसाबनी में साथ रहते थे। परिवार में मां हैं, जबकि, पिता का निधन हो चुका है। इधर, झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ ने उनके आकस्मिक निधन पर दुःख प्रकट किया है। इस संबंध में झाप्रसे की अध्यक्ष सह प्रवक्ता रंजीता हेम्ब्रम, महासचिव राहुल कुमार, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष राजेश बरवार, प्रवीण कुमार प्रकाश, अनुराग तिवारी ने कहा कि पूरा झाप्रसे परिवार शोक की इस घड़ी में स्वर्गीय रामनरेश सोनी के परिवार के साथ हर सहायता के लिए खड़ा है।
एसडीओ के पद पर किया गया था प्रोन्नत
झारखंड प्रशासनिक सेवा तृतीय बैच के अधिकारी राम नरेश सोनी डुमरिया के अलावा मुसाबनी सीओ के भी अतिरिक्त प्रभार में थे। उनको जून 2022 में एसडीओ के पद पर प्रोन्नत भी किया गया था। मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से हिंदी साहित्य और दिल्ली से सामाजिक विज्ञान में मास्टर डिग्री ली। साल 2010 में एटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग बीडीओ सह सीओ सतबरवा प्रखंड पलामू के पद पर हुई थी। वे कई अंचलों में सीओ के पद पर कार्य कर चुके हैं।