logo

पश्चिमी सिंहभूम के बांडी गांव में डायरिया का प्रकोप,  1 की मौत और दर्जनों बीमार  

diarheaa.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के बांडी गांव में डायरिया तेजी से फैल रही है। अबतक डायरिया से 1 महिला की मौत हो गई है। महिला की मौत के बाद गांव में डर का माहौल  है। वहीं दर्जनों ग्रामीण इसके शिकार हो चुके हैं। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग को की है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में जांच के लिए पहुंच गई है। ऐसा माना जा रहा है कि कुएं का दूषित पानी पीने से गांव में डायरिया फैला है। बांडी गांव के नीचे टोले में डायरिया का प्रकोप देखा जा रहा है। 

जानकारी के अनुसार पश्चिमी सिंहभूम के बांडी गांव में डायरिया से एक महिला की मौत हो गई है, वहीं 34 लोग बीमार हैं। महिला का नाम विश्वासी कंडुलना (45)  है। ग्रामीणों के अनुसार विश्वासी को कुछ दिनों से दस्त की शिकायत थी। जिसके बाद धीरे-धीरे अन्य ग्रामीण भी दस्त की चपेट में आने लगे। रविवार सुबह विश्वासी की मौत होने के बाद गांव में दहशत फैल गयी है। जिसकी जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और पीड़ितों की जांच कर उन्हें दवा दे रही है। 

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के कारण गांव का कुआं दूषित हो गया है। साथ ही उनका यह भी कहना है कि कुएं के आस-पास काफी गंदगी भी फैली हुई है। जिसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने कुएं और आसपास में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया। रोबकेरा पंचायत के मुखिया स्नेह तोपनो ने बताया कि बांडी नीचे टोला में नल जल योजना के तहत जलमीनार का निर्माण अधूरा है। जलमीनार में टंकी नहीं लगायी गयी है। ठेकेदार काफी सुस्त गति से काम कर रहा है। इसलिए पेयजल के लिए ग्रामीण सिर्फ कुएं के पानी पर आश्रित हैं।
 

Tags - झारखंड न्यूज झारखंड लेटेस्ट न्यूज झारखंड हिंदी न्यूज डारिया ऑटब्रेकJharkhand News Jharkhand Latest News Jharkhand Hindi Newsdiarrhoea outbreak