मनोहरपुर
मनोहरपुर ट्रक-हाइवा ऑनर एसोसिएशन की बैठक रविवार को सारंडा इन होटल में अध्यक्ष महेंद्र बानरा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में चिड़िया क्षेत्र स्थित धुबिल माइंस से मनोहरपुर साइडिंग तक होने वाले लौह अयस्क परिवहन कार्य को लेकर वाहन मालिकों ने अपनी नाराजगी जतायी. बैठक में एसोसिएशन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि धुबिल माइंस के नए ठेकेदार एन.के. मिनरल्स द्वारा परिवहन कार्य के संचालन में वाहन मालिकों के बीच भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है. सदस्यों का कहना था कि ठेकेदार कुछ चुनिंदा ट्रक और हाइवा मालिकों को प्राथमिकता देकर कार्य दे रहा है, जबकि अन्य वाहन मालिकों की अनदेखी की जा रही है. वाहन मालिकों ने बताया कि इस संबंध में ठेकेदार से दूरभाष पर संपर्क कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इससे वाहन मालिकों में असंतोष और आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि ठेकेदार एवं उसके प्रतिनिधियों के व्यवहार में सुधार नहीं हुआ तथा सभी वाहन मालिकों को समान अवसर नहीं दिया गया, तो एसोसिएशन आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा. साथ ही इस मामले को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के समक्ष भी उठाया जायेगा. बैठक में कुमार सौरव, संदीप सिंह, विवेक बघेल, आशीष राय, मुद्रिका राय, राजेश यादव, विष्णु कुमार, अमरनाथ बानरा, सूरज पांडे, आशीष पांडे, मो. दानिश समेत बड़ी संख्या में वाहन मालिक उपस्थित थे.
