रांची
अनुसूचित जनजाति आरक्षित घाटशिला विधानसभा उपचुनाव इस बार खासा चर्चा में रहा। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक, सभी दलों के नेताओं ने पूरी ताकत झोंकी। इंडिया गठबंधन, एनडीए गठबंधन सहित कुल 13 उम्मीदवार मैदान में थे। मीडिया कोशांक द्वारा जारी अपडेट पर दिनभर सभी की नज़र टिकी रही और 20 राउंड की काउंटिंग पर लगातार मॉनिटरिंग जारी रही।
इस मुकाबले में जहां इंडिया और एनडीए गठबंधन आमने-सामने थे, वहीं नई पार्टी ‘झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा’ (JLKM) ने भी प्रभावी प्रदर्शन किया। पार्टी ने अपने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए मतों में महत्वपूर्ण वृद्धि दर्ज की।
संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष और चुनाव संयोजक देवेंद्रनाथ महतो ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि इस चुनाव में JLKM का प्रदर्शन उत्साहजनक रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि संगठन आगे भी जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहेगा।

उन्होंने कहा, “हम जनता का जनमत स्वीकार करते हैं। हमने सकारात्मक बढ़त दर्ज की है और हमारा प्रयास आगे भी जारी रहेगा।”
उपचुनाव परिणाम
- इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन ने 1,04,794 वोट प्राप्त कर जीत दर्ज की।
- एनडीए उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन को 66,270 वोट मिले और वे दूसरे स्थान पर रहे।
- JLKM के प्रत्याशी रामदास मुर्मू, बतौर स्वतंत्र उम्मीदवार, 11,542 वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे।
पिछले चुनाव में रामदास मुर्मू को 8,093 वोट मिले थे। इस उपचुनाव में उन्हें 3,449 वोटों की बढ़ोतरी के साथ कुल 11,542 वोट प्राप्त हुए, जो पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
.jpeg)