logo

झारखंड में स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव, गर्मी और लू को देखते हुए लिया गया फैसला

ेमपददत.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। इसे लेकर एक आदेश जारी किया है, जो 22 अप्रैल से लागू होगा। जारी आदेश के अनुसार कक्षा केजी से आठवीं की कक्षाएं 22 अप्रैल से सुबह सात बजे से 11:30 बजे तक चलेंगी। कक्षा नौ से ऊपर की कक्षाएं सुबह सात बजे से 12 बजे तक चलेंगी। गौरतलब है कि झारखंड इन दिनों हिट वेव की चपेट में हैं। गर्मी ने लोगों को हाल बेहाल कर दिया है। 


खेलकूद या अन्य गतिविधियां धूप में नहीं होगी
आदेश के अनुसार झारखंड के सभी कोटि के स्कूलों (सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त, प्राइवेट) में केजी से आठवीं की क्लास 22 अप्रैल से अगले आदेश तक सुबह सात बजे से चलेंगी और 11:30 बजे समाप्त हो जाएंगी। नौवीं से ऊपर की कक्षाएं सुबह सात बजे शुरू होंगी और 12 बजे तक चलेंगी। स्कूलों को निर्देश दिया है कि स्कूल अवधि में प्रार्थना सभा या खेलकूद या अन्य गतिविधियां धूप में नहीं की जा सकेंगी।  इस अवधि में बच्चों की पढ़ाई में होनेवाली क्षति की भरपाई के संबंध में अगल से निर्णय लेते हुए सूचित किया जाएगा। शिक्षा विभाग के अनुसार अगले आदेश तक यह जारी रहेगा। 


विभाग ने हिट वेव की दी चेतावनी
झारखंड में भीषण गर्मी पड़ रही है। लू चलने लगी है। राज्य के 12 जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार हो गया है। आनेवाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं राजधानी रांची में भी अगले एक-दो दिनों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने हीट वेव की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि 20 और 21 अप्रैल को कोल्हान, संताल परगना तथा संताल से सटे मध्य हिस्सों तथा रामगढ़ और रांची में हीट वेव की स्थिति दिख सकती है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें- https://chat.whatsapp.com/B5Ez1xqYOyL74JlHFO8Y86

Tags - jharkhandJharkhand newschange in school timing