द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा के मिहिजाम थाना क्षेत्र के कानगोई चेक नाका के समीप रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 65 वर्षीय अज्ञात साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार किसी अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे उसके दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हो गए थे। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। मिहिजाम थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई इस व्यक्ति को पहचानता हो या उसके बारे में कोई जानकारी हो तो तत्काल मिहिजाम थाना से संपर्क करें, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी जा सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
