द फॉलोअप डेस्क
राजधानी सहित राज्य भर में कानून व्यवस्था को लेकर बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य की कानून व्यव्स्था ध्वस्त हो चुकी है। रांची के एसएसपी जहां कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर रहे थे ठीक वहां से 500 मीटर की दूरी पर चेन स्नैचिंग हो रही थी। थानों से महज कुछ दूरी पर हत्या हो जा रही है। डकैती हो जा रही है। छिनतई हो जा रही है और यहां तक कि दुकान में घुसकर अपराधी सामान लूट ले रहे हैं। सवाल है कि पुलिस क्या कर रही है?कानून व्यवस्था मजबूत होती है पुलिस की हनक से, इकबाल से।लेकिन हमारी पुलिस किस काम में अधिक व्यस्त है? लगता है पुलिस का ज़्यादा समय सत्ता के खिलाफ आवाज़ उठाने वालों को सबक़ सिखाने और “सहयोग के बदले सेवा” के गोरखधंधे में ही निकल जाता है।
लोग हो रहे हैं भयभीत
राजधानी रांची में आए दिन अपराधी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। जिसकी वजह से लोग भयभीत होकर रह रहे हैं। इसको लेकर बाबूलाल ने मुख्यमंत्री को सलाह देते हुए कहा कि आप इस संबंध में डीजीपी के साथ समीक्षा बैठक कीजिए। राजधानी में अपराधी-माफिया बेलगाम हैं। जब आप राजधानी को ही नहीं सुरक्षित रख पाइयेगा तो फिर अन्य जिलों में क्या स्थिति हो रही होगी?
गोड्डा पुलिस की निष्क्रियता से प्राचार्य को नहीं बचाया जा सका
रांची की सुरक्षा व्यवस्था के अलावा बाबूलाल ने गोड्डा में हुए प्राचार्य की हत्या को लेकर भी ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि एक बार फिर अपराधियों ने झारखंड की विधि व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए कल शाम हथियार के बल पर अपहरण किए गए गोड्डा जिला के बसंतराय कॉलेज के प्राचार्य डा. नजीरूद्दीन की हत्या कर दी। गोड्डा पुलिस की निष्क्रियता से प्राचार्य को नहीं बचाया जा सका। आज अहले सुबह उनका शव महगामा दियाजोरी के बीच पाया गया। ट्रक चालकों से हाईटेक वसूली करने वाली राज्य की पुलिस अगर इस मामले में भी गंभीरता दिखाई होती तो शायद राज्य के माथे पर यह धब्बा नहीं लगता। मगर हेमंत सोरेन सरकार में यह संवेदनशीलता रहे तब तो!
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N