रांची
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने प्रेस बयान जारी कर कहा है कि 24 मार्च 2025 को भाकपा के बैनर तले झारखंड विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भाकपा के राष्ट्रीय महासचिव डी. राजा विशेष रूप से शामिल होंगे।
कार्यक्रम का विवरण:
सुबह 9:30 बजे: डी. राजा बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।
दोपहर 12:00 बजे: बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
दोपहर 12:30 बजे: शहीद मैदान से एक भव्य जुलूस निकलेगा, जो विधानसभा तक जाएगा।
प्रमुख मांगें:
झारखंड विधानसभा में बाबा भीमराव अंबेडकर और जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमा स्थापित की जाए। भूमि बैंक को रद्द किया जाए। गैरमजरुआ जमीन की रसीद चालू की जाए। अनुसूचित जाति आयोग और विस्थापन आयोग का गठन किया जाए। विस्थापन नीति और नियोजन नीति बनाई जाए। असंगठित मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी 26,000 रुपये प्रति माह निर्धारित की जाए। इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए झारखंड के 24 जिलों से पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न ट्रेनों से रांची आ रहे हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व में ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस, अखिल भारतीय किसान सभा, दलित अधिकार मंच, झारखंड आंदोलनकारी समिति, ऑल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन, ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन, ऑल इंडिया महिला फेडरेशन और आदिवासी महासभा के नेता एवं कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। पूरे राज्य से हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।