logo

बड़ी खबर : नहीं बदले जाएंगे कांग्रेस कोटे के मंत्री, पुराने चेहरे ही चम्पाई कैबिनेट में होंगे शामिल

मपोोी.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
आज चंपाई सोरेन कैबिनेट का विस्तार होना है। मंत्रिमंडल में कई नये चेहरों को शामिल करने की बात सामने आ रही है। लेकिन फिलहाल जो जानकारी सामने निकलकर आई है उसके अनुसार कांग्रेस कोटे के मंत्री नहीं बदले जाएंगे। पुराने मंत्रियों को ही मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी। पुराने मंत्रियों में बन्ना गुप्ता, रामेश्वर उरांव, बादल पत्रलेख और आलमगीर आलम शामिल हैं। सूत्रो के हवाले से खबर मिल रही है कि इन मंत्रियों को नहीं बदला जाएगा। कहा जा रहा है कि चुनाव से पहले आलाकमान किसी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहता है। इसलिए बहुत संभव है कि कैबिनेट में पुराने चेहरों को ही जगह मिले। हालांकि अभी तक नामों की घोषणा नहीं की गई है। अब तक कई नामों की चर्चा थी जिसे मंत्रिमंडल में शामिल करने की बात कही जा रही थी, जैसे प्रदीप यादव, अनुप सिंह, दीपिका पांडेय सिंह, पूर्णिमा नीरज सिंह, अंबा प्रसाद लेकिन आलाकमान चुनाव से पहले किसी भी नये नाम पर दांव खेलने की मूड में नहीं है। 

अंतिम फैसला दिल्ली में 
राज्य में कांग्रेस के 17 विधायकों में से चार महिलाएं हैं। इनमें से किसी एक को हेमंत सोरेन सरकार के समय से ही मंत्रिमंडल में जगह देने की मांग उठती रही है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस कोटे के मंत्रियों के नाम पर अंतिम फैसला दिल्ली में पार्टी आलाकमान ने ले लिया है। जेएमएम में हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन और भाभी सीता सोरेन दोनों की मंत्री पद पर दावेदारी है, लेकिन इनमें से किसी एक को ही जगह मिलने की संभावना है। झारखंड में विधायकों का जो संख्या बल है, उसके हिसाब से मंत्रिमंडल में अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। हेमंत सोरेन की सरकार में 11 मंत्री ही थे। अभी तक 12वें मंत्री पर संशय बरकरार है।