logo

कांग्रेसी विधायकों ने नेतृत्व पर बनाया मंत्रिमंडल में बदलाव और बोर्ड निगमों के गठन का दबाव

coon.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में महागठबंधन सरकार के मुश्किल से एक वर्ष पूरे होते ही खिट-पिट शुरू हो गयी है। कांग्रेस के पांच विधायक एक साथ दिल्ली पहुंचे। मंगलवार से वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मिल रहे हैं। पहले प्रदेश प्रभारी के राजू से इंदिरा भवन में मुलाकात की। संगठन से जुड़े विषयों को रखा। फिर आज शाम सात बजे कांग्रेस के संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल से उनके आवास पर भी मुलाकात की। विधायकों ने वेणुगोपाल से मिल कर मंत्रिपरिषद में अन्य विधायकों को भी जगह देने और बोर्ड निगमों के गठन को लेकर दबाव बनाया। एक साथ दिल्ली पहुंचनेवाले विधायकों में राजेश कच्छप, सुरेश बैठा, भूषण बाड़ा, नमन विक्सल कोंगारी और सोनाराम सिंकू शामिल हैं। वेणु गोपाल के सामने इन विधायकों ने संगठन की मजबूती के बहाने मंत्रिपरिषद में पार्टी के अन्य विधायकों को भी जगह दिए जाने का तर्क रखा है। साथ ही शेष बचे बोर्ड निगमों के गठन कराने की मांग की है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के भीतर मंत्रियों को बदलने की मांग पिछले कई महीनों से हो रही है। झामुमो भी कांग्रेस के कुछ मंत्रियों को बदलने का सुझाव दे चुका है। लेकिन कौन मंत्री बनेगा और कौन हटेगा, झामुमो ने यह तय करने की जिम्मेदारी कांग्रेस पर ही छोड़ रखी है।


वेणुगोपाल के समक्ष इन विधायकों ने अपने अपने तरीके से कई तर्क रखे। उनका कहना था कि ऐन चुनाव के वक्त पार्टी में शामिल होनेवाले राधाकृष्ण किशोर को मंत्री बना दिया गया। जो वर्षों से पार्टी की सेवा करते रहे हैं, उन्हें कोई महत्व नहीं दिया गया। किशोर की मंत्री पद से छुट्टी होनी चाहिए। इसी तरह विधायकों ने बंधु तिर्की और शिल्पी नेहा तिर्की पर भी हमला बोला। विधायकों का कहना था कि एक परिवार से मंत्री पद भी और संगठन में महत्वपूर्ण पद भी। मालूम हो कि बंधु तिर्की प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हैं और उनकी पुत्री शिल्पी नेहा तिर्की राज्य सरकार में कृषि पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री। इसी तरह विधायकों ने जनता का काम नहीं होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने वेणु गोपाल से शिकायत की कि मंत्री उनकी नहीं सुनते।

विषय है पर आलाकमान को निर्णय लेना हैः सोना राम सिंकू
जगन्नाथपुर से कांग्रेस विधायक सोना राम सिंकू का कहना है कि वे लोग संगठन के काम से दिल्ली आए हैं। प्रदेश प्रभारी के राजू से मुलाकात की। संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की। यह बताने पर कि आप लोग दिल्ली में मंत्रिमंडल में फेरबदल की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि यह विषय है, पर निर्णय आलाकमान को लेना है। आलाकमान का जो निर्णय होगा, उसे तो मानना ही पड़ेगा।


मौका तो सबको मिलना चाहिएः सुरेश बैठा
कांके से कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा से पूछने पर उन्होंने कहा कि वे लोग संगठन के काम से दिल्ली आए हैं। बीएलएस के ट्रेनिंग प्रोग्राम को लेकर चर्चा करनी थी। तिथि तय करना था। तय भी हुआ। 28 को बुढमू, 29को खेलारी और 30 जनवरी को कांके में बैठक होगी। हालांकि इन विषयों के अलावा  मंत्रिमंडल में फेरबदल व बोर्ड निगमों के गठन पर भी बात किए जाने के बारे में पूछने पर वह बोल गए। उन्होंने कहा कि गठबंधन सबकी है। मंत्रिमंडल में सबको मौका मिलना चाहिए। सबकी मेहनत और प्रयास से ही पार्टी के 16 विधायक जीते, तभी तो चार मंत्री बन पाए। इसलिए समय रहते मांग तो रखनी ही चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बोर्ड निगमों का गठन भी होना चाहिए।


दिल्ली आए हैं, संगठन से जुड़े कई विषय हैंः नमन विक्सल कोंगारी
कोलेबिरा से कांग्रेस विधायक नमन विक्सल कोंगारी का कहना है कि वे लोग दिल्ली आए हैं। संगठन से जुड़े कई विषयों पर बात करनी है। पेसा और अन्य मुद्दों पर बातचीत करनी है। विधायक पार्टी के सीनियर लीडर के सामने अपनी बात रखें। इसमें कहां कोई दिक्कत है। अब उन्हें कौन समझाए कि संगठन से जुड़े विषयों को प्रदेश प्रभारी के राजू के सामने रांची में भी रखी जा सकती थी, जो अधिकतर समय झारखंड में ही गुजार रहे हैं।


झारखंड के राजनीतिक परिदृश्य और विकास पर बात हुईः राजेश कच्छप
खिजरी से पार्टी विधायक राजेश कच्छप ने फेसबुक पर कांग्रेस के कई नेताओं से मुलाकात की तस्वीर डाली है। उनमें उन्होंने प्रदेश प्रभारी के राजू, राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव प्रणव झा, कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल के साथ की तस्वीर डाली है। के राजू के साथ झारखंड के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य, प्रदेश के विकास की गति और संगठन के भविष्य पर चर्चा हुई। इन मुद्दों और कार्य योजना पर अत्यंत गहराई से चर्चा हुई। प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों और जनता की आकांक्षाओं को उनके सामने रखा।


 

Tags - Jharkhand Congress MLA Cabinet KC Venugopal K Raju Rajesh Kachhap Naman Vixal Kongari Suresh Baitha Bhushan Bara Sonaram Sinku Board Corporation