logo

विशेष सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक, MMDR-SIR पर BJP को घेरने की बनी रणनीति

विशेष सत्र से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक, MMDR-SIR पर BJP को घेरने की बनी रणनीति

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुधवार से शुरू होने जा रहा है। सत्र के दौरान MMDR और SIR में किए गए संशोधनों को लेकर सत्ता पक्ष और भाजपा विधायकों के बीच जोरदार बहस होने की संभावना है। विशेष सत्र से पहले सभी राजनीतिक दल अपने-अपने विधायकों के साथ बैठक कर सदन की रणनीति तैयार कर रहे हैं। इसी कड़ी में रांची के मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष सत्र के दौरान केंद्र सरकार को MMDR और SIR के मुद्दे पर घेरने की रणनीति बनाई गई। बैठक में इन दोनों विषयों को सदन में प्रमुखता से उठाने पर सहमति बनी।

MMDR संशोधन से राज्य को आर्थिक नुकसान: राजेश कच्छप

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि MMDR में किए गए संशोधन से झारखंड को आर्थिक नुकसान होगा। वहीं, SIR के जरिए पात्र मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस सदन में इन दोनों मुद्दों पर केंद्र सरकार से जवाब मांगेगी।

43 लाख मतदाताओं को सूची से हटाने की साजिश का आरोप

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने आरोप लगाया कि करीब 43 लाख मतदाताओं को ASDD सूची में शामिल कर उन्हें मतदाता सूची से हटाने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को विशेष सत्र के दौरान मजबूती से उठाएगी और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी बात रखेगी।

भूषण बड़ा मामले पर भाजपा को कांग्रेस का जवाब

भूषण बड़ा मामले को लेकर भाजपा की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर बेरमो से कांग्रेस विधायक ने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में भाजपा को अनावश्यक हाय-तौबा करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि पहले उसे अपने गिरेबां में झांकना चाहिए।

अंकिता भंडारी मामले को लेकर भी भाजपा पर निशाना

कांग्रेस विधायक ने अंकिता भंडारी मामले का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसे आरोपों से घिरे लोगों को राज्यपाल बना रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विशेष सत्र में MMDR और SIR से जुड़े कई उदाहरण और तथ्य सदन के पटल पर रखे जाएंगे, ताकि इन संशोधनों के संभावित नुकसान को विस्तार से बताया जा सके।

बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और विधायक रहे मौजूद

कांग्रेस विधायक दल की इस बैठक में प्रदेश प्रभारी के. राजू, प्रदेश सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की सहित कांग्रेस कोटे के तमाम विधायक उपस्थित रहे।
 

Tags - Jharkhand AssemblyCongress PartyMMDR AmendmentSIR IssueKeshav Mahto Kamlesh