logo

जामताड़ा : कोचिंग जा रही छात्रा से छेड़छाड़, बहादुर बच्ची ने सिखाया सबक; लोगों ने आरोपी को पीटकर पुलिस को सौंपा

WhatsApp_Image_2026-06-12_at_5_28_53_PM.jpeg

जामताड़ा
कोचिंग जा रही एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी करने वाले एक अधेड़ की स्थानीय लोगों ने जमकर धुनाई कर दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। यह पूरी घटना शुक्रवार शाम करीब 4:00 बजे टावर चौक स्थित आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक के पास की है। बच्ची की सूझबूझ और बहादुरी की वजह से एक बड़ी वारदात होने से बच गई। क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता रोजाना की तरह शाम को कोचिंग पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान टावर चौक के पास झालमुड़ी बेचने जा रहे 50 वर्षीय गोपाल गुप्ता नामक व्यक्ति ने बच्ची को अकेला देखकर उसके साथ छेड़छाड़ और बदतमीजी करना शुरू कर दिया। अचानक हुई इस हरकत से बच्ची घबराई नहीं, बल्कि उसने गजब की हिम्मत दिखाई। छात्रा की बहादुरी और लोगों का गुस्सा
आरोपी की करतूत का विरोध करते हुए बच्ची ने शोर मचाना शुरू कर दिया और पास में पड़े पत्थर उठाकर आरोपी के ऊपर फेंकने लगी। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर जमा हो गए। माजरा समझते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने आरोपी झालमुड़ी वाले को घेर लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी।पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
बीच सड़क पर मनचले की पिटाई होते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत जामताड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान आरोपी गोपाल गुप्ता को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी को थाने ले जाकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है और पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। स्थानीय लोग बच्ची की बहादुरी की सराहना कर रहे हैं। बता दें कि आरोपी गोपाल गुप्ता सरखेलडीह में किराए के मकान में रहता है।
 

Tags - JamtaraJamtara NewsEve TeasingMinor Girl BraveryJharkhand CrimeJamtara Police