द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को खान एवं भू-तत्व तथा भवन निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने राज्य के राजस्व को बढ़ाने के लिए 300 नीलाम किए जा चुके बालू घाटों को जल्द संचालित करने का आदेश दिया। सरकार का लक्ष्य इससे करीब 3 हजार करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त करना है।

अवैध खनन और बालू माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई- सीएम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बालू माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा राज्य की अमूल्य धरोहर है और इसके पारदर्शी उपयोग से राज्य को अधिक लाभ मिलना चाहिए। बैठक में बंद पड़ी खदानों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन खदानों में उत्पादन बंद है, उन्हें फिर से चालू कराया जाए, अन्यथा उनकी लीज रद्द कर दोबारा ऑक्शन की प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही नीलाम हो चुके लेकिन अभी तक शुरू नहीं हो सके कोल ब्लॉकों को जल्द संचालित करने के निर्देश दिए गए।
गोल्ड माइनिंग को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने झारखंड में गोल्ड माइनिंग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने राज्य की सात स्वर्ण खदानों के उत्पादन को बढ़ाने और नई संभावित गोल्ड माइंस के ऑक्शन की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने JSMDC और JMECL को मजबूत करने के साथ-साथ अधिक खनिज क्षेत्रों को आरक्षित करने तथा रोजगार और राजस्व बढ़ाने पर फोकस करने को कहा।
भवन निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी भवन और आधारभूत संरचना परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष जोर दिया।