logo

विपक्ष की साजिश बेनकाब कर झारखंड को विकास की राह पर बढ़ाएंगे, बोले सीएम चंपई सोरेन

a905.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कार्यभार संभाल लिया है। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय में कैबिनेट सचिव वंदना दादेल और मुख्य सचिव एल खियांग्ते ने उनको बधाई दी। मुख्यमंत्री ने इसके बाद जनता के नाम अपना संदेश जारी किया। राज्य के नाम जारी संदेश में चंपई सोरेन ने कहा कि मैंने आज झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया है। दिशोम गुरू शिबू सोरेन के मार्गदर्शन में हमारी सरकार राज्य की आम जनता के हित में काम करती रहेगी। गठबंधन की सरकार ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व में जो बुनियादी शुरुआत की थी। आदिवासी-मूलवासियों के सर्वांगीण विकास के लिए जो योजनाएं शुरू की गई थी, हम उसे गति देंगे। 

राज्य में अस्थिरता का माहौल बना रहा विपक्ष
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने झूठे प्रचार के नाम पर राज्य में अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास किया था जिसे गठबंधन की एकता ने विफल कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि किस प्रकार आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ साजिश कर उनको अपदस्थ किया गया। सीएम चंपई ने कहा कि हम साजिशों को बेनकाब करेंगे। प्रदेश को विकास की राह पर ले जाएंगे। 

 

वर्षो से लड़ी जा रही आत्मसम्मान की लड़ाई
सीएम चंपई सोरेन ने कहा कि यह लड़ाई वर्षों से लड़ी जा रही है। इसका लंबा इतिहास है। जल, जंगल और जमीन की खातिर पूर्वजों ने संघर्ष किया। तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, धरती आबा बिरसा मुंडा और टाना भगत जैसे आंदोलनकारियों ने झारखंडी अस्तित्व की लड़ाई लड़ी। आत्मसम्मान से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि हम उन आंदोलनकारियों के आदर्शों को धरातल पर उतारकर आदिवासी, मूलवासी, दलित और आम नागरिकों के हित में काम करें।