द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मानसून कमजोर पड़ गया है। जिस कारण बारिश में कमी आई है। बारिश नहीं होने से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में लोगों के लिए अच्छी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार जुलाई के अंत कर एक बार फिर मानसून रफ्तार पकड़ेगा। राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहेंगे। कई जिलों में बारिश होने की भी उम्मीद है।
आखिरी सप्ताह से उम्मीदें
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि मानसून का असर झारखंड में कम रहा है। सामान्य से बेहद कम बारिश हुई है। मानसून के ट्रैक में बदलाव की वजह से यह हो पा रहा है। जुलाई के अंतिम सप्ताह में जबरदस्त और अच्छी बारिश के आसार हैं। कम बारिश की भरपाई इसी महीने के आखिरी सप्ताह में हो सकती है।
इस बार राज्य में उम्मीद से काफी कम बारिश हुई
मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 13 जुलाई तक भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्से में बादल छाये रहेंगे। वहीं, दिन में एक दो बार बारिश हो सकती है। वहीं, राजधानी रांची में 13 जुलाई तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होने की प्रबल संभावना है। बता दें कि इस बार राज्य में उम्मीद से काफी कम बारिश हुई है। ऐसे में राज्य में कृषि पर संकट गहरा हो गया है। रांची में अब तक 138.5 मिमी बारिश हुई है जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 263 मिमी का है। इसमें 47 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।