logo

उलगुलान न्याय महारैली में 5 लाख लोगों के जुटने का दावा, झारखंड में INDIA करेगा चुनावी शंखनाद

maharalley1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची में 21 अप्रैल को उलगुलान न्याय महारैली का आयोजन किया गया है। इस रैली से इंडिया गठबंधन झारखंड में अपना चुनावी शंखनाद करेगा। इस महारैली के माध्यम से इंडिया गठबंधन राज्य में अपना शक्ति प्रदर्शन करेगा। रैली में 5 लाख लोगों के जुटने का दावा किया गया है। विपक्षी गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे। इस बात की जानकारी कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने दी है। राकेश सिन्हा ने कहा है कि यह उलगुलान महारैली ऐतिहासिक होगी। 


झारखंड और देश की दशा और दिशा तय करेगी यह महारैली
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि उलगुलान न्याय महारैली ऐतिहासिक होगी। अन्याय के खिलाफ शंखनाद होगा। यह रैली न केवल झारखंड की बल्कि देश की दशा और दिशा तय करेगी। झारखंड संघर्षों की भूमि रही है। इस धरती से जो आवाज उठेगी वह केंद्र की सत्ता पलटने में कारगर साबित होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल मुद्दों से सभी का ध्यान भटकाने का काम करते हैं। वह नवरात्र में मीट और मछली की बात तो करते हैं, लेकिन महंगाई और बेरोजगारी की बात नहीं करते। वह लगातार कई दौरे पर आए, कई इवेंट हुए, लेकिन उनके मुंह से एकबार भी सरना धर्म कोड की बात बाहर नहीं आई। इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से प्रधानमंत्री ने कंपनियों से 250 करोड़ रुपए चंदा लिया। भाजपा नेता संविधान बदलने की बात करते हैं।

आदिवासियों व मूलवासियों पर हो रहे अत्याचारों की साजिश का पर्दाफाश करेगी महारैली
यह महारैली केंद्र सरकार द्वारा आदिवासियों व मूलवासियों पर हो रहे अत्याचारों की साजिश का पर्दाफाश करेगी। आदिवासियों को जल-जंगल-जमीन से दूर करने के मंसूबे को बेनकाब करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की राज्य सरकारों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल और झूठे आरोपों से उनको बदनाम करने की रणनीति देश समझ चुका है। आगामी चुनावों में जनता उन्हें जवाब देगी।
 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें- https://chat.whatsapp.com/B5Ez1xqYOyL74JlHFO8Y86

Tags - JharkhandJharkhand newsUlgulan Nyaya MaharallyJMMINDIA Alliance