logo

झारखंड में 2 साल बाद मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना शुरू, मंत्री शिल्पी ने किसानों को दिया 4 करोड़ रुपए का लाभ 

shilpi_tractor.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड में दो साल के अंतराल के बाद एक फिर से मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना की शुरुआत हो गई है।  रांची के खेल गांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में इस योजना के तहत 4 करोड़ रुपए का कृषि यंत्र वितरित किया गया।  जिसमें बड़ा ट्रैक्टर, मिनी ट्रैक्टर, सोलर पंप सेट, नॉर्मल पंप सेट सहित कृषि यंत्र का वितरण शामिल है।  योजना का लाभ पाने वालों में महिला समूह की भागीदारी ने सबको चौंकाया।  विभाग के द्वारा महिलाओं को ट्रैक्टर का प्रशिक्षण दिया गया है। 
कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के भूमि संरक्षण निदेशालय के द्वारा आयोजित कार्यक्रम का उदघाटन विभागीय मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया।  इस मौके पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा, "मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना राज्य के किसानों को सबल बनाने और मजदूर के बजाय व्यापारी बनाने में मिल का पत्थर साबित होगा।  जब से उन्होंने मंत्री पद का कार्यभार संभाला है गांव के किसान इसी योजना को शुरू करने की मांग कर रहे थे।  आज इसकी शुरुआत कर दी गई है।"

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किसानों को विभाग की योजना का लाभ लेने के लिए सजग और जागरूक बनने की नसीहत दी।  इस योजना के तहत बड़ा ट्रैक्टर के लिए सरकार तरफ से 50 प्रतिशत की सब्सिडी तय की गई है, जबकि मिनी ट्रैक्टर के लिए विभाग ने 80 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया है।   योजना का लाभ लेने के लिए योग्य लाभुक अपने एस्क्रो अकाउंट में अंशदान का भुगतान करना होगा। 
मंत्री ने किसानों को बिचौलिया से सावधान करते हुए कहा, "जब से योजना की शुरुआत हुई है बिचौलिया सक्रिय हो गए है।  योजना दिलाने के नाम पर किसी भी प्रकार के फोन कॉल के झांसे में नहीं आना है। किसी भी व्यक्ति को उसके कहे गए नंबर पर ऑनलाइन भुगतान नहीं करना है।  इस बात को गांव-घर के लोगों को बताने की जरूरत है, ताकि राज्य का एक भी व्यक्ति धोखाधड़ी का शिकार ना हो।"

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आगे कहा, "किसानों के राज्य में विभाग के द्वारा कई तरह की योजनाएं चलाई जा रहीं है।  किसान समृद्धि योजना से अब तक 21 सौ लाभुकों को आच्छादित किया जा चुका है, जबकि 8 हजार किसानों को इस योजना का लाभ देना है।  इस योजना से किसानों के खेत का पटवन आसानी से हो पा रहा है।"
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांके विधायक सुरेश बैठा ने कहा, "कृषि मंत्री किसानों के हित में काम कर रही हैं।  दूध उत्पादन, मछली पालन, गाय वितरण, मुर्गी पालन, बत्तख पालन के क्षेत्र विभाग अच्छा काम कर रही है। पिछले दो साल से बंद योजना की शुरुआत भी कृषि मंत्री ने कर दी है। सरकार के द्वारा सब्सिडी के आधार पर लाभुक योजना का लाभ ले सकते है। इस विभाग में गलत काम को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।"

मंच से बड़ा ट्रेक्टर के 32, मिनी ट्रेक्टर के 2, सोलर पंप  सेट के 2, नार्मल पंप सेट के 55 लाभुकों को योजना का लाभ दिया गया।  इस मौके पर भूमि संरक्षण विभाग के निदेशक अशोक सम्राट, संयुक्त सचिव रविशंकर विद्यार्थी, समेति निदेशक विकास कुमार, कार्यपालक निदेशक आर.पी सिंह सहित जिला के भूमि संरक्षण पदाधिकारी मौजूद थे। 


 

Tags - Tractor Dristribution Scheme In Jharkhand jharkhand CM Tractor Distribution Scheme latest jharkhand News jharkhand Updates Jharkhand Updates Latest Jharkhand News\