द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री के आवास पर हेमन्त सोरेन से पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा ने शिष्टाचार मुलाकात की। नीरज सिन्हा का आज अंतिम कार्य दिवस है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नीरज सिन्हा को शॉल और मोमेंटो प्रदान कर उन्हें लंबी उम्र, खुशहाल, सुखद और स्वस्थ जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक पुलिस पदाधिकारी के रूप में आपका लंबा कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है। आपके कार्य और अनुभव का लाभ यहां के पुलिस बल, आम जनता और राज्य को मिला है। अब आप जीवन के दूसरे दौर में प्रवेश कर रहे हैं । आपको सुखद सेवानिवृत्ति की शुभकामनाएं।

यह भी पढ़ें: हावड़ा-दिल्ली रेलवे मुख्य मार्ग घंटो रहा जाम, आदिवासी सेंगेल ने पारसनाथ पहाड़ को मुक्त कराने की मांग
जैप ग्राउंड में उनका विदाई समारोह आयोजित
डीजीपी नीरज सिन्हा के लिए आज जैप ग्राउंड में विदाई समारोह आयोजित किया गया। नीरज सिन्हा 1987 बैच के आइपीएस अधिकारी हैं। इन्होंने 12 फरवरी 2021 को झारखंड के डीजीपी के तौर पर पदभार ग्रहण किया था। उनके विदाई समारोह में डीजी अजय कुमार सिंह, डीजी अनुराग गुप्ता, डीजी अनिल पालटा, एडीजी आरके मल्लिक, एडीजी प्रशांत सिंह, एडीजी मुरारीलाल मीणा समेत कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

झारखंड में नक्सलवाद का खात्मा हो चुका है
विदाई समारोह में उन्हेने कहा कि जिस बूढ़ा पहाड़ पर कल तक सरकार नहीं जा पा रही थी। आज वहां पुलिस जा रही है। झारखंड में लगभग नक्सलवाद का खात्मा हो चुका है। अब वहां सरकार की योजनाएं भी पहुंच रहीं हैं। जो लोग सालों से नक्सलवाद के डर से अपना ही घर छोड़े हुए थे आज वे फिर से बस रहे हैं। बोलते- बोलते भावुक हो गयें नीरज सिन्हा, उन्होंने कहा कि अपनी जिंदगी पुलिस सेवा में गुजारी है। मेरा दिल पुलिस के लिए हमेशा धड़कता रहेगा।

कब होगा नये डीजीपी के नाम की घोषणा
नीरज सिन्हा के रिटायर होने के बाद भी अबतक नये डीजीपी के नाम की घोषणा नहीं की गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि देर शाम तक नए डीजीपी के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। अजय भटनागर, अजय कुमार सिंह और एडीजी अनिल पालटा का नाम यूपीएससी ने झारखंड सरकार को भेजे हैं।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT