logo

गिरिडीह में दुर्गापूजा का प्रसाद बनाने के दौरान फटा गैस सिलेंडर, चाची और भतीजी की गई जान

गिरिडीह में दुर्गापूजा का प्रसाद बनाने के दौरान फटा गैस सिलेंडर, चाची और भतीजी की गई जान

गिरिडीह 
Girdih News: गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड अंतर्गत जरीसिंगा पंचायत के मनगसो गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में चाची और भतीजी की मौत हो गई। दुर्गापूजा का प्रसाद बनाने के दौरान पांच किलो के गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया और सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। हादसे में पांच वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उसकी चाची ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों की पहचान वैद्यनाथ विश्वकर्मा की पत्नी कविता देवी (26 वर्ष) और उनके देवर गुड्डू राणा की पांच वर्षीय पुत्री शीतल कुमारी के रूप में हुई है। त्योहार की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

प्रसाद बनाते समय लगी आग, जोरदार धमाके के साथ फटा सिलेंडर
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे कविता देवी अपने घर में दुर्गापूजा का प्रसाद बना रही थीं। इसी दौरान पांच किलो के गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। घर में मौजूद लोगों और आसपास के ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि सिलेंडर उछलकर दरवाजे की किवाड़ से जा टकराया। इसकी चपेट में कविता देवी और शीतल कुमारी आ गईं। धमाके के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

पांच वर्षीय शीतल की मौके पर मौत, कविता देवी ने रास्ते में तोड़ा दम
इस भीषण हादसे में पांच वर्षीय शीतल कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कविता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए रेफरल अस्पताल, धनवार ले जाने लगे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। एक ही परिवार से जुड़ी दो मौतों की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में दुर्गापूजा की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम पसर गया। कविता देवी अपने पीछे पति और एक छोटे बच्चे को छोड़ गई हैं। हादसे के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

धमाके की आवाज से दहल उठा पूरा गांव
मृतका के भैंसुर बिटेश राणा ने बताया कि सिलेंडर में आग लगने के कुछ ही देर बाद जोरदार धमाका हुआ। इसकी आवाज पूरे गांव में गूंज गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने दोनों को बचाने और गंभीर रूप से घायल कविता देवी को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। दुर्गापूजा के पावन अवसर पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक घरेलू हादसे में दो जिंदगियां खत्म होने से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

Tags - गिरिडीह न्यूज गैस सिलेंडर ब्लास्ट Giridih Gas Blast Dhanwar Accident Jharkhand News Update