logo

लड़की से न्यूड वीडियो कॉल कराने का झांसा देकर ठगी, साइबर अपराधियों का नया कारनामा; 2 अरेस्ट 

ciber.jpeg

गिरिडीह 
लड़की से न्यूड वीडियो कॉल कराने का झांसा देकर साइबर अपराधी लोगों से ठगी कर रहे थे। इस कारनामे का खुलासा गिरिडीह में गिरफ्तार दो साइबर अपराधियों ने किया है। दोनों ने साइबर पुलिस को बताया है कि वो खास तौर पर युवा वर्ग को जाल में फंसाने के लिए उनको एक लिंक भेजते थे। इसमें कहा जाता था कि पैसे देने पर लड़की उनको न्यूड वीडियो कॉल करेगी। इसके अलावे दोनों फर्जी बैंक अफसर बनकर लोगों से ठगी करते रहे हैं। पुलिस ने इनके पास से एक आइफोन साहित सात महंगे किस्म के मोबाइल फोन जब्त किये हैं। गिरफ्तार अपराधियों के नाम हरिश कुमार और महेंद्र मंडल हैं। हरिश चुंगलो का और महेंद्र गपैय का रहने वाला है। 

इस तरह हुई दोनों की गिरफ्तारी 

मामले की डिटेल बताते हुए गिरिडीह एसपी दीपक शर्मा ने प्रेस को बताया कि पुलिस को एक गुप्ता सूचना मिली थी। पुलिस मुखबिर ने बताया था कि पचंबा के यामाहा शोरूम में एक साइबर क्रिमिनल बाइक खरीदने के लिए आने वाला है। सूचना मिलते ही डीएसपी संदीप सुमन के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। इसमें पुनि अजय कुमार, पुअनि सुबल कुमार दे, पुनि गौरव कुमार, पुअनि सरोज कुमार, सअनि, संजय मुखियार, साकेत वर्मा, जितेन्द्रनाथ महतो, सौरभ सु वासुदेव सिंह, आशुतोश कुमार रंजन और हवलदार सुरेश यादव को शामिल किया गया। टीम ने शोरूम में तय समय पर छापेमारी की। छापेमारी में साइबर अपराधी महेंद्र मंडल गिरफ्तार कर लिया गया।

तीन अपराधी फरार 

महेंद्र ने पूछताछ में बताया कि उसके दो साथी हजारीबाग में रहते हैं। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हजारीबाग के कोर्रा, साकेतपुरी कॉलोनी में छापेमारी की। यहां पुलिस को सफलता मिली और हरीश कुमार पकड़ा गया। हरिश से मिले सुराग के आधार पर साइबर पुलिस की एक टीम ने हजारीबाग चतरा बस पड़ाव के पास छापेमारी भी की है। लेकिन यहां से तीन साइबर अपराधी भागने में सफल रहे। 

ये चीजें हुई बरामद 
बहरहाल, गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक महंगा आइफोन समेत सात महंगे मोबाइल फोन, दर्जन भर सिम कार्ड, 56 हजार रुपये कैश और विभिन्न बैंकों को एटीएम कार्ड मिले हैं। साइबर पुलिस को इन अपराधियों के पास एक डायरी भी मिली है। इस डायरी में अबतक की गयी ठगी और पैसे के बंटवारे को लेकर हिसाब दर्ज है।