द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक रेस्टोरेंट पर अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित टीटास रेस्टोरेंट में देर रात अचानक कुछ अज्ञात अपराधी पहुंचे और वहां फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की इस घटना में रेस्टोरेंट के कर्मचारी मनीष गोप को गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मामला रंगदारी से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कुख्यात अपराधी प्रिंस खान ने रेस्टोरेंट संचालक से रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी नहीं देने पर ही इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि रेस्टोरेंट संचालक को मिली धमकी और फायरिंग की घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद राजधानी रांची में पुलिस ने सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।