logo

Jharkhand Weather Forecast : 17 जून से रांची में बारिश के आसार, भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद

17 जून से रांची में बारिश के आसार, भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड भीषण गर्मी की चपेट में है। लगभग पूरे राज्य लू को लेकर ‘रेड अलर्ट’ पर चल रहा है।  मौसम केंद्र ने लोगों से बेवजह घरों से नहीं निकलने का आग्रह किया है। गर्मी से लोगों को दो-तीन दिन बाद ही राहत मिल सकती है. 16 जून तक झारखंड में मॉनसून आने के संकेत नहीं हैं। वैसे मौसम केंद्र का पूर्वानुमान है कि 17 जून से राज्य के कुछ हिस्सों में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 


रांची का तापमान भी 40 डिग्री पार
झारखंड के 10 जिलों का तापमान बुधवार को 42 डिग्री सेसि से अधिक, जबकि तीन जिलों का तापमान 44 डिग्री सेसि भी अधिक रहा। कुल मिलाकर 18 जिलों का तापमान 40 डिग्री सेसि से ऊपर हो गया है। केवल संताल परगना के चार जिलों में ही तापमान 38-39 डिग्री सेसि के बीच है। इसके अतिरिक्त सिमडेगा का तापमान भी 40 डिग्री सेसि नीचे रहा। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान बुधवार को भी 40 डिग्री सेसि से पार रहा। 


मौसम केंद्र का अनुमान है कि 13 से 16 जून तक राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात भी हो सकता है। 17 और 18 जून के लिए मौसम केंद्र ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है। राजधानी का अधिकतम तापमान भी 14 जून के बाद धीरे-धीरे गिर सकता है।


पलामू और कोल्हान को लेकर ‘रेड अलर्ट’
मौसम विज्ञान केंद्र का पूर्वानुमान है कि 13-14 जून को पलामू प्रमंडल के सभी जिलों के साथ कोल्हान के कुछ जिलों में भीषण गर्मी पड़ सकती है। यहां गंभीर हीट वेव चल सकती है। इसको लेकर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है और लोगों को लू से बचने की सलाह दी गयी है. शेष जिलों के लिए मौसम केंद्र ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. 

Tags - jharkhand weather mausam jharkhand jharkhand rain barish jharkhand me mansoon jharkhand