द फॉलोअप डेस्क, रांची:
मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करते हुए चंपई सोरेन एक्शन मोड में आ गये हैं। शुक्रवार को शपथ ग्रहण के तुरंत बाद मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने 3 बड़े फैसले लिए। प्रोजेक्ट भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में 3 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। हेमंत सोरेन सरकार ने 9-29 फरवरी के बीच बजट सत्र बुलाया था, इसे विलोपित कर दिया गया है। अब 5-6 फरवरी को झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। राजीव रंजन को फिर महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है। कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने यह जानकारी दी। गौरतलब है कि आज ही राजभवन में दोपहर 12:30 बजे राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने चंपई सोरेन सहित 2 अन्य मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद से ही मुख्यमंत्री एक्शन मोड में हैं।

5-6 फरवरी को झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र
चंपई सोरेन ने 5-6 फरवरी को झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है। इसी दिन फ्लोर टेस्ट होगा। चंपई सोरेन को बहुमत साबित करना होगा। दरअसल, गुरुवार देर रात तकरीबन सवा 11 बजे जब राज्यपाल ने चंपई सोरेन और आलमगीर आलम को सरकार बनाने का न्योता दिया तो कहा था कि उन्हें 10 दिन के भीतर बहुमत साबित करना होगा। वैसे एक तरीका राज्यपाल के समक्ष विधायकों की परेड कराने का भी था लेकिन फिलहाल उस विकल्प पर नहीं जाया गया है। सत्ताधारी दल के ज्यादातर विधायक हैदराबाद जा चुके हैं। विधायकों को विशेष सत्र के दिन ही वापस झारखंड लाया जायेगा। इस बीच हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री रहते 9-29 फरवरी के बीच विधानसभा का बजट सत्र बुलाया था जिसे अब विलोपित कर दिया गया है।

महाधिवक्ता राजीव रंजन दोबारा इसी पद पर बहाल
महाधिवक्ता राजीव रंजन को दोबारा इसी पद पर बहाल किया गया है। बता दें कि शपथ ग्रहण के तुरंत बाद मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने पहले मोरहाबादी के बापू वाटिका में महात्मा गांधी और फिर बिरसा चौक में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मंत्रियों आलमगीर आलम और सत्यानंद भोक्ता के साथ प्रोजेक्ट भवन की ओर रवाना हो गये।