logo

बीजेपी में चंपाई सोरेन को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी, बनाए जा सकते हैं राष्ट्रीय मंत्री 

मपोस22.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड की राजनीतिक फिज़ा में इस वक्त पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन का JMM से बगावत कर BJP का दामन थामने का फैसला सबसे अधिक चर्चा में है। राज्य में साल के अंत में विधानसभा चुनाव है। लिहाज़ा इस सियासी बदलाव पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई हैं। झारखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी बनाए गए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चंपाई सोरेन के भगवा रंग धारण करने को टर्निंग प्वाइंट बताया है। इसी बीच चंपाई सोरेन को लेकर बीजेपी सूत्रों से बड़ी जानकारी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि भाजपा में शामिल होते ही कोल्हान टाइगर को पार्टी बड़ी जिम्मेवारी देने जा रही है। चंपाई सोरेन के संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए पार्टी उन्हें संगठन में राष्ट्रीय मंत्री का पद दे सकती है। 


बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा दोहरा रहे चंपाई सोरेन 
बता दें कि अमित शाह से मुलाकात के बाद कमल कुनबे से जुड़ने के ऐलान के साथ ही चंपाई सोरेन ने भाजपा के एजेंडे को भी अपना लिया है। चंपाई भी अब संथाल में बांग्लादेशी घुसपैठ की बात दोहराने लगे हैं। मतलब चंपाई की राजनीति का इशारा साफ है कि जहां रहेंगे पूरी ईमानदारी से रहेंगे। ऐसे में पार्टी भी उन्हें बड़ी जवाबदेही सौंपने पर विचार कर रही है। 


गौरतलब है कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन का झामुमो छोड़ विपक्षी खेमे में जाना एक अहम फैसला माना जा रहा है। चंपाई आदिवासी समाज के एक बड़े नेता हैं। कोल्हान में उनकी पकड़ ने लगातार झामुमो को चुनावी राजनीति में आगे रखा। चंपाई के ज़रिए भाजपा आदिवासी वोटबैंक को साधने की कवायद में है। इधर हेमंत सोरेन ने कोल्हान से ही आने वाले घाटशिला विधायक रामदास सोरेन को अपनी कैबिनेट में चंपाई की जगह देकर डैमेज कंट्रोल की कोशिश की है।