द फॉलोअप डेस्क
आज चैम्बर भवन में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की एक महत्वपूर्ण बैठक बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ हुई। बैठक में बियाडा के धनंजय कुमार, डीजीएम (गया क्लस्टर) एवं सुनील कुमार, एरिया मैनेजर (इन्वेस्टमेंट प्रमोशन) उपस्थित रहे। इस अवसर पर बिहार एवं झारखण्ड में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से विमर्श किया गया। धनंजय कुमार ने बियाडा द्वारा निवेशकों को दी की जा रही विभिन्न सुविधाओं, औद्योगिक नीतियों, आधारभूत संरचना, भूमि उपलब्धता एवं निवेश अनुकूल वातावरण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार उद्योगों को आकर्षित करने हेतु कई प्रोत्साहन योजनाएँ चला रही है। झारखण्ड चैम्बर की ओर से झारखण्ड में निवेश की व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया तथा झारखण्ड सरकार द्वारा उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए दी जा रही नीतिगत सहूलियतों, सब्सिडी एवं आधारभूत सुविधाओं का उल्लेख किया गया। चैम्बर ने बियाडा प्रतिनिधिमंडल को झारखण्ड में निवेश हेतु निवेशकों को आमंत्रित करने की बात कही।

चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि झारखण्ड सरकार की उद्योगोन्मुख नीतियाँ, सरल प्रक्रियाएँ और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण राज्य को उद्योगों के लिए आकर्षक बनाता है। चैम्बर उद्योगपतियों और निवेशकों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि झारखण्ड में अधिक से अधिक निवेश आ सके। सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि बिहार और झारखण्ड भौगोलिक एवं आर्थिक रूप से एक-दूसरे के पूरक राज्य हैं। दोनों राज्यों के बीच औद्योगिक सहयोग और अनुभवों के आदान-प्रदान से निवेशकों को बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद से क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। बैठक को सकारात्मक एवं उपयोगी बताते हुए दोनों राज्यों के बीच निवेश संवर्धन, औद्योगिक सहयोग एवं आपसी समन्वय को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की गई। बैठक में चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, पूजा ढाढा, सदस्य आदिल राणा, के. किशोर, शशि कुमार, नवीन प्रकाश , मनीष पियुष , धनञ्जय कुमार, प्रमोद चौधरी, सुशिल कुमार, आनंद कोठारी, विजय कुमार महतो , आदित्य कुमार उपस्थित थे।
दावोस के लिए चैंबर प्रतिनिधिमंडल रवाना
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक 2026, दावोस (स्विट्ज़रलैंड) में झारखण्ड राज्य के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में भाग लेने हेतु फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा एवं महासचिव रोहित अग्रवाल आज बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से रवाना हुए। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महुआ माजी, चैम्बर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य विकास विजयवर्गीय, मुकेश अग्रवाल, पूजा ढाढा, सदस्य निरंजन शर्मा, सुबोध चौधरी, आनंद कोठारी, एसके अग्रवाल, कृष्णा अग्रवाल के अलावा चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष धीरज तनेजा एवं किशोर मंत्री विशेष रूप से उपस्थित थे।
