द फॉलोअप डेस्क, रांची
SIR News Jharkhand: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा कि राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के तहत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर यह सत्यापित कर रहे हैं कि संबंधित परिवार के सभी पात्र भारतीय नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं। मतदाता अगर अपने पते पर उपस्थित नहीं पाए जा रहे तो उन्हें बीएलओ द्वारा विवरणों के सत्यापन एवं आवश्यक सुधार के लिए फोन के माध्यम से भी संपर्क किया जा रहा है। कुछ परिस्थितियों में अपरिचित मोबाइल नंबरों से कॉल आने के कारण मतदाता फोन रिसीव नहीं करते हैं। इससे आवश्यक संवाद स्थापित करने और मतदाता विवरणों के अद्यतन में कठिनाई होती है। रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र भारतीय नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा नाम, पता सहित अन्य विवरणों में सुधार या अद्यतन कराने के लिए अपने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से अवश्य संपर्क करें।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे ECINET ऐप के माध्यम से अपने बीएलओ का मोबाइल नंबर प्राप्त कर उसे अपने फोन में सुरक्षित कर लें। इसके लिए मतदाता अपने मोबाइल में ECINET ऐप खोलें, बीएलओ से संपर्क करने संबंधी विकल्प का चयन करें तथा अपने विधानसभा क्षेत्र और मतदान केंद्र से संबंधित आवश्यक विवरण दर्ज कर बीएलओ की संपर्क जानकारी प्राप्त करें। इससे मतदाता आवश्यकता पड़ने पर सीधे अपने बीएलओ से संपर्क कर सकेंगे और बीएलओ की ओर से आने वाली कॉल की पहचान कर उसे रिसीव कर सकेंगे।इसके साथ साथ ECINET पर उपलब्ध Book A Call with BLO के माध्यम से भी अपने सम्बन्धित बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है।

रवि कुमार ने बीएलओ से भी अनुरोध किया कि घर-घर जाकर सत्यापन के दौरान वे अपने रजिस्टर में संबंधित घर में संपर्क करने की तिथि और समय अवश्य दर्ज करें। यदि किसी घर में मतदाता उपस्थित नहीं मिलते हैं अथवा फोन करने पर कॉल रिसीव नहीं करते हैं, तो बीएलओ संबंधित मतदाता को व्हाट्सऐप के माध्यम से वॉयस या टेक्स्ट मैसेज भेजें। मैसेज में अपना परिचय और संपर्क नंबर अवश्य दें, ताकि मतदाता बीएलओ की पहचान कर सकें और अपनी सुविधानुसार उनसे वापस संपर्क कर सकें। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाए रखने के लिए मतदाताओं और बीएलओ के बीच प्रभावी संवाद आवश्यक है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपने मतदाता विवरणों की जांच करने तथा किसी भी प्रकार के सुधार या संशोधन की आवश्यकता होने पर अपने बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।
