logo

मुख्यमंत्री की मां रूपी सोरेन का दशकर्म आज, नेमरा में 10 हजार से अधिक जवान तैनात

मुख्यमंत्री की मां रूपी सोरेन का दशकर्म आज, नेमरा में 10 हजार से अधिक जवान तैनात

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत मां रूपी सोरेन का दशकर्म आज रामगढ़ जिले के पैतृक गांव नेमरा में आयोजित होगा। वहीं, रविवार को संस्कार भोज का आयोजन किया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों, जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। नेमरा में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आम लोगों के वाहनों की पार्किंग गांव से करीब पांच किलोमीटर पहले लुकैयाटांड़ में बनाई गई है। यहां तीन पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं। पार्किंग से लोगों को टोटो और ऑटो के जरिए गांव तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए 250 से 300 टोटो-ऑटो की व्यवस्था की गई है। वहीं, मंत्री, विधायक और अन्य वीआईपी के वाहनों के लिए धुमकुड़िया और मोबाइल टावर के पास अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर आंगनबाड़ी केंद्र और हेलीपैड को भी घेर दिया गया है। हेलीपैड पर अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे।


10 हजार से अधिक जवान संभालेंगे सुरक्षा
दशकर्म, संस्कार भोज और दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। इसे देखते हुए 10 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही आईएएस और एसएएस अधिकारियों को दंडाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नेमरा में रविवार के संस्कार भोज से लेकर 19 अक्टूबर की सुबह तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पूरे क्षेत्र को 13 सुपर जोन और 42 सब-जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सुपर जोन की जिम्मेदारी एक आईपीएस अधिकारी को सौंपी गई है, जबकि सब-जोन की कमान डीएसपी स्तर के अधिकारियों के हाथों में होगी। इससे भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और किसी भी आपात स्थिति से निपटने में मदद मिलेगी।


ATS, झारखंड जगुआर और रैपिड एक्शन पुलिस भी तैनात
नेमरा में एटीएस की दो हिट टीमें, झारखंड जगुआर के पांच असाल्ट ग्रुप के 135 जवान और रैपिड एक्शन पुलिस की दो कंपनियां तैनात रहेंगी। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था में 60 इंस्पेक्टर, 300 दारोगा एवं एएसआई, 1,365 लाठी बल और 140 ट्रैफिक पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे। प्रशासन का जोर कार्यक्रम के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने, यातायात सुचारु बनाए रखने और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर है।

Tags - Hemant Soren Rupi Soren Jharkhand News Ramgarh News Nemra