logo

SIR : सीईओ ने पदाधिकारियों को दिया फील्ड विजिट एवं मतदाता सूची के मैपिंग का निर्देश

ceo.jpg

द फॉलोअप डेस्क

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी आगामी एसआईआर में सुविधा के लिए वर्तमान मतदाता सूची का 2003 के मतदाता सूची से अधिक से अधिक मैपिंग करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जितने अधिक मतदाताओं का 2003 के मतदाता सूची से पैरेंटल मैपिंग हो जाता है, उन्हें इन्यूम्यूरेशन फॉर्म भरने में आसानी हो सकेगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सोमवार को निर्वाचन सदन से ऑनलाइन माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।

के रवि कुमार ने कहा है कि निर्वाचन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती है। यदि निर्वाचन के कार्य में कोई बीएलओ आनाकानी करते हैं तो उनका रिपोर्ट विभाग को भेजें एवं निलंबन की प्रक्रिया करते हुए नए बीएलओ नियुक्त करें। कुमार ने कहा है कि सभी स्तर के पदाधिकारियों को निर्वाचन हेतु आवंटित कार्य को करना अनिवार्य है, इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने समीक्षा के क्रम में सभी जिलों के मतदाता सूची के मैपिंग की बिंदुवार समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में जमीनी स्तर पर आ रहे परेशानियों को समाप्त करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए । उन्होंने सभी पदाधिकारियों को फील्ड विजिट कर मतदाता सूची के मैपिंग की समस्याओं का निरीक्षण करते हुए उसके समाधान एवं कार्य में तीव्रता लाने के निर्देश दिए। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, सुनील कुमार व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Tags - Jharkhand SIR CEO K Ravi Kumar held a meeting emphasis on preparation BLOs