द फॉलोअप डेस्क
टाटानगर रेलवे स्टेशन के आउट गेट के पास उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक खड़ी कार अचानक आग के गोले में बदल गई। चिंगारियों से उठी दहशत के बीच राहत की बात यह रही कि कार में उस वक्त कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता था।
दरअसल, गम्हरिया निवासी श्रीनिवास नायक शनिवार सुबह अपने बेटे को दुरंतो एक्सप्रेस में विदा करने पत्नी के साथ टाटानगर स्टेशन के आउट गेट पहुंचे थे। आउट गेट के पास अपनी हुंडई जैज कार खड़ी कर वे स्टेशन के भीतर चले गये। तभी अचानक कार से धुआं उठने लगा और पल भर में आग की लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।.jpg)
इसपर स्थानीय लोगों ने पानी और रेत फेंककर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग विकराल होती गई। घटना के बाद देखते ही देखते अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इधर, सूचना मिलते ही अग्निशमन दल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन, तबतक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
कार मालिक श्रीनिवास नायक का कहना है कि हम स्टेशन पहुंचे ही थे कि किसी ने बताया कार में आग लग गई है। भागकर आये तो सब खत्म हो चुका था। उन्होंने शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई। वहीं जानकारी पर पहुंचे बागबेड़ा पुलिस ने कहा कि गाड़ी में कोई न होने से बड़ा हादसा टल गया।