द फॉलोअप/झारखंड:
Jharkhand Holidays 2027: झारखंड में सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए साल 2027 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। राज्य सरकार ने अगले साल कुल 41 सरकारी छुट्टियां घोषित की हैं। इनमें 18 अवकाश कार्यपालक आदेश के तहत और 23 छुट्टियां एनआई एक्ट, 1881 के तहत राजपत्रित अवकाश के रूप में घोषित की गई हैं। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने बुधवार को वर्ष 2027 के लिए अवकाश संबंधी अधिसूचना जारी की। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के आदेश से जारी इस अधिसूचना के अनुसार, कार्यपालक आदेश के तहत घोषित छुट्टियों में राज्य सरकार के सभी कार्यालय और राजस्व कार्यालय बंद रहेंगे।
कार्यपालक आदेश के तहत 18 छुट्टियां घोषित
सरकार की ओर से कार्यपालक आदेश के तहत घोषित 18 छुट्टियों में झारखंड के प्रमुख पर्व-त्योहारों और महापुरुषों की जयंती को शामिल किया गया है। इनमें सोहराय के लिए 12 और 13 जनवरी, मकर संक्रांति के लिए 14 जनवरी, सुभाष चंद्र बोस जयंती के लिए 23 जनवरी, बसंत पंचमी के लिए 11 फरवरी और संत रविदास जयंती के लिए 20 फरवरी को छुट्टी रहेगी। इसके अलावा सरहुल/फुलखोंसी पर 10 अप्रैल, मजदूर दिवस पर 1 मई, हूल दिवस पर 30 जून, रथ यात्रा पर 5 जुलाई, विश्व आदिवासी दिवस पर 9 अगस्त और रक्षाबंधन पर 17 अगस्त को अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, गणेश चतुर्थी पर 4 सितंबर, विश्वकर्मा पूजा पर 17 सितंबर, शारदीय नवरात्र/कलश स्थापना पर 1 अक्तूबर, दशहरा/महासप्तमी पर 6 अक्तूबर और गोवर्धन पूजा पर 30 अक्तूबर को छुट्टी रहेगी। भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को भी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।
एनआई एक्ट के तहत 23 राजपत्रित अवकाश
एनआई एक्ट, 1881 के तहत सरकार ने वर्ष 2027 के लिए 23 राजपत्रित अवकाश घोषित किए हैं। जनवरी से मार्च के बीच गणतंत्र दिवस (26 जनवरी), महाशिवरात्रि (6 मार्च), ईद-उल-फितर (10 मार्च), होलिका दहन (22 मार्च), होली (23 मार्च) और गुड फ्राइडे (26 मार्च) पर छुट्टी रहेगी।
अप्रैल महीने में सरहुल (9 अप्रैल), आंबेडकर जयंती (14 अप्रैल), रामनवमी (15 अप्रैल) और महावीर जयंती (19 अप्रैल) के अवसर पर अवकाश रहेगा।
इसके बाद ईद-उल-जुहा/बकरीद (17 मई), बुद्ध पूर्णिमा एवं पंडित रघुनाथ मुर्मू जयंती (20 मई), मुहर्रम (16 जून), जन्माष्टमी (25 अगस्त) और करमा पूजा (11 सितंबर) पर छुट्टी घोषित की गई है।
अक्तूबर में गांधी जयंती (2 अक्तूबर), महाअष्टमी (7 अक्तूबर), महानवमी (8 अक्तूबर), विजयादशमी (9 अक्तूबर) और दीपावली (29 अक्तूबर) को राजपत्रित अवकाश रहेगा। वहीं, सूर्य षष्ठी के सायंकालीन अर्घ्य (4 नवंबर), प्रातःकालीन अर्घ्य (5 नवंबर) और क्रिसमस (25 दिसंबर) पर भी सरकारी छुट्टी रहेगी।
1 अप्रैल को बैंकों में रहेगी छुट्टी, रविवार को पड़ने वाले पर्वों पर अलग अवकाश नहीं
अधिसूचना में बैंकों की वार्षिक लेखा बंदी के लिए भी 1 अप्रैल (गुरुवार) को अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि, यह छुट्टी सरकारी अधिष्ठानों और कार्यालयों पर लागू नहीं होगी। इसके अलावा स्वतंत्रता दिवस और ईद-ए-मिलाद (15 अगस्त), गुरुनानक जयंती (14 नवंबर), करमा पूजा/फुलखोंसी (12 सितंबर) तथा भैया दूज/चित्रगुप्त पूजा (31 अक्तूबर) रविवार को पड़ रहे हैं। इसलिए इनके लिए अलग से अवकाश घोषित नहीं किया गया है। हालांकि, जिन प्रतिष्ठानों में रविवार को सामान्य कार्यदिवस होता है, वहां इन तिथियों पर छुट्टी रहेगी।
पांच और छह दिवसीय कार्य सप्ताह की व्यवस्था रहेगी लागू
सरकार की अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि मुस्लिम त्योहारों की छुट्टियों की तारीख चांद दिखने के अनुसार बदल सकती है। वहीं, सचिवालय और उससे जुड़े कार्यालयों में पांच दिवसीय तथा क्षेत्रीय कार्यालयों में छह दिवसीय कार्य सप्ताह की व्यवस्था पहले की तरह लागू रहेगी। इस तरह झारखंड सरकार ने वर्ष 2027 के लिए कुल 41 सरकारी छुट्टियों की घोषणा की है।