द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
दुमका जिले के नोनीहाट में एक अनोखे अंदाज में पुस्तक का विमोचन किया गया। इस आयोजन में न कोई मंच था, न सभागार और न ही कुर्सियों की कतार। पहली बार किसी पुस्तक को दुल्हन की तरह डोली में सजाकर जुलूस के रूप में लाया गया और फिर उसका विमोचन हुआ। चर्चित युवा लेखक नीलोत्पल मृणाल के पांचवें उपन्यास ‘दुल्हिन सावधान’ के विमोचन का यह अनूठा अंदाज लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा। किताब को बाकायदा दुल्हन की तरह डोली में बैठाकर लाया गया। गांव के स्थानीय लोग बराती और सराती की भूमिका में नजर आए, जबकि बच्चियों ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर आयोजन की रौनक बढ़ाई।

डोली उठाकर चले पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख
पुस्तक के नाम ‘दुल्हिन सावधान’ को ध्यान में रखते हुए पूरे आयोजन को विवाह समारोह का रूप दिया गया था। डोली, बराती-सराती और पारंपरिक परिधान के बीच ऐसा माहौल बना कि मानो सचमुच किसी दुल्हन की विदाई हो रही हो। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें किसी तरह की औपचारिकता नहीं रखी गई। नोनीहाट बस स्टैंड पर ही साहित्य की महफिल सजी। इस मौके पर झारखंड के पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख और जामा की विधायक लुईस मरांडी भी मौजूद रहीं। पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख खुद डोली उठाकर जुलूस में चलते दिखाई दिए। ग्रामीणों की भागीदारी ने इस आयोजन को और खास बना दिया।

‘डार्क हॉर्स’ और ‘औघड़’ से देशभर में बनाई पहचान
दुमका के रहने वाले नीलोत्पल मृणाल हिंदी साहित्य के चर्चित युवा लेखकों में शामिल हैं। ‘डार्क हॉर्स’ और ‘औघड़’ जैसे उपन्यासों के माध्यम से उन्होंने देशभर के पाठकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। खासकर युवाओं के बीच उनकी लेखनी को लेकर काफी चर्चा रहती है। ‘दुल्हिन सावधान’ उनका पांचवां उपन्यास है। इसके विमोचन के लिए अपनाया गया अनूठा तरीका साहित्य को आम लोगों और गांव की संस्कृति से जोड़ने की एक अलग पहल के रूप में देखा गया। सड़क पर डोली के साथ निकले इस पुस्तक जुलूस ने नोनीहाट में साहित्यिक आयोजन को यादगार बना दिया।