logo

बोकारो के एलोरा हॉस्टल में लगी आग, दमकल और CISF की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टला

AAG19.jpg

बोकारो 

बोकारो स्टील सिटी स्थित एलोरा हॉस्टल के आवास संख्या टी-2/5 में मंगलवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना में घर में रखा सामान जलकर राख हो गया। समय रहते अग्निशमन विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही झारखंड सरकार एवं सेल (SAIL) के अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहीं, सीआईएसएफ के जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

आग की लपटें तेज

जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले फ्रिज में लगी और देखते ही देखते घर के अन्य हिस्सों तक फैल गई। घर के मालिक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी दर्शन कौर ने बताया कि उन्हें घर में कुछ जलने की गंध महसूस हुई। इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया। आग की लपटें तेज होती देख तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। वहीं अग्निशमन विभाग के अधिकारी शिव नारायण लोहरा ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण फ्रिज में आग लगी थी, जिसके बाद अन्य सामान भी उसकी चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों की तत्परता और सीआईएसएफ के सहयोग से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी क्षति होने से बचा गया।

Tags - Fire Incident Short Circuit Jharkhand Government Fire Service CISF