logo

राष्ट्रवादी और जनकल्याण को समर्पित उम्मीदवारों को जिताएंगे भाजपा कार्यकर्ता : आदित्य साहू

bjp1111.jpg

Ranchi 

भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक संपन्न हुई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और विधायक उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में होने जा रहे नगर निकाय चुनाव का श्रेय न्यायालय की सख्ती और भाजपा द्वारा सड़क से सदन तक लगातार चलाए गए आंदोलन को जाता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से राज्य के निकाय क्षेत्रों में लोकतांत्रिक व्यवस्था बाधित रही है और प्रशासनिक तंत्र हावी रहा है, जिससे जनता की समस्याओं को सुनने वाला कोई प्रभावी मंच नहीं बचा।


आदित्य साहू ने कहा कि मौजूदा परिस्थिति में आगामी नगर निकाय चुनाव बेहद अहम हैं। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं को सेवाभावी, राष्ट्रवादी सोच से ओतप्रोत और जनकल्याण को समर्पित प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी मजबूती के साथ जुटना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार ने हार के डर से निकाय चुनाव को दलीय आधार पर नहीं कराने का फैसला लिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा बैलेट पेपर से चुनाव कराने की घोषणा के साथ ही प्रशासनिक तरीके से चुनाव को प्रभावित करने की साजिश रची जा रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं से उन्होंने इस साजिश को नाकाम करने और लोकतंत्र की मजबूती के लिए सजग रहने का आह्वान किया।


बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज झारखंड में विकास शून्यता की स्थिति बनी हुई है। ऐसे समय में नगर निकाय चुनाव में उन्हीं उम्मीदवारों को जिताने की जरूरत है, जो तुष्टिकरण की राजनीति में विश्वास नहीं रखते, जिनकी सोच विकास को समर्पित हो और जो निकाय क्षेत्रों को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हों।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी होते हैं और यहां से ही आम जनता को सीधा लाभ मिलता है। इसलिए भाजपा का लक्ष्य है कि विकास, पारदर्शिता और जनसेवा को प्राथमिकता देने वाले उम्मीदवारों को जनता का प्रतिनिधि बनाया जाए।

Tags - BJP Urban Local Body Elections Aaditya Sahu Babulal Marandi Jharkhand Politics