logo

निगम चुनाव से भाग रही है सरकार, JMM-कांग्रेस लोकतंत्र के असली दुश्मन: बाबूलाल मरांडी

BJP3211.jpg

RANCHI 

नगर निगम चुनाव की तिथि अविलंब घोषित करने और दलीय आधार पर ईवीएम से निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी, रांची महानगर जिला की ओर से महाधरना आयोजित किया गया। यह महाधरना महानगर अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झामुमो–कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह सरकार लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ काम कर रही है और हार के डर से नगर निगम चुनाव से भाग रही है। चास-बोकारो जैसे क्षेत्रों में वर्षों से चुनाव नहीं कराए गए हैं, जो लोकतंत्र का सीधा अपमान है।


बाबूलाल मरांडी ने कहा कि दलीय आधार पर चुनाव से ही लोकतंत्र मजबूत होता है, जबकि गैर-दलगत चुनाव मनी पावर और मसल पावर को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी दी कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए।
भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में झारखंड बदहाली और असुरक्षा के दौर में पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बैलेट पेपर से चुनाव कराकर धांधली करना चाहती है, जबकि पूरा देश ईवीएम से चुनाव करा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र चुनाव की घोषणा नहीं हुई तो भाजपा निर्णायक आंदोलन करेगी। 


राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य दीपक प्रकाश ने कहा कि नगर निकाय चुनावों को वर्षों तक टालना सरकार की नीयत पर सवाल खड़े करता है। दलीय आधार पर और ईवीएम से चुनाव कराने से ही पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सकती है।
रांची विधायक सीपी सिंह और हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने भी सरकार पर लोकतंत्र से डरने का आरोप लगाया और कहा कि यदि चुनाव नहीं कराए गए तो भाजपा सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि यह महाधरना जनता के आक्रोश की अभिव्यक्ति है और यदि सरकार ने अब भी चेतावनी नहीं ली तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। महाधरना में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व जनप्रतिनिधि और हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए और सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया।


 

Tags - Municipal Elections BJP Protest Baboolal Marandi Jharkhand Politics Democracy