नई दिल्ली
भाजपा के प्रदेश महामंत्री और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने मंगलवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। यह भेंट पूरी तरह शिष्टाचारपरक रही, जहां उन्होंने झारखंड आंदोलन के प्रणेता और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि शिबू सोरेन पिछले एक पखवाड़े से अधिक समय से नई दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें मल्टीपल ऑर्गन संबंधी दिक्कतें बताई गई हैं। हालांकि डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को नियंत्रण में बताया है और इलाज जारी है।

इस अवसर पर आदित्य साहू के साथ भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, विधायक शशिभूषण मेहता, विधायक प्रदीप प्रसाद, पूर्व विधायक अनंत ओझा, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ नेता शैलेन्द्र सिंह और मनोज दुबे भी उपस्थित थे। सभी ने दिशोम गुरु के प्रति सम्मान और चिंता प्रकट करते हुए उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। बैठक को लेकर किसी राजनीतिक चर्चा की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई, लेकिन प्रदेश राजनीति में इस मुलाकात को शालीनता और सौहार्द्र के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
